मोदी सरकार के राज में लोग मनमोहन सिंह को 'मिस' कर रहे हैं - BJP नेता अरुण शौरी

मोदी सरकार के राज में लोग मनमोहन सिंह को 'मिस' कर रहे हैं - BJP नेता अरुण शौरी

अरुण शौरी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। शौरी ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि मोदी सरकार दिशाहीन है, जो सुर्खियां बटोरने में जुटी है, लेकिन अर्थव्यवस्था सुधारने में नहीं।

शौरी ने कहा कि ये अब तक का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री कार्यालय है जहां कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जिसे किसी तरह की विशेषज्ञता हासिल हो। शौरी ने बिज़नेस संपादक टीएन निनान की किताब 'टर्न ऑफ द टॉरटॉइस' के विमोचन के मौके पर एनडीए गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि एनडीए की नीतियां वही कांग्रेस वाली है बस इसमें गाय और जुड़ गई है।

अर्थव्यवस्था के खराब प्रबंधन के लिए राजग सरकार की आलोचना करते हुए भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अरुण शौरी ने कहा कि लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दिनों को याद करना शुरू कर दिया है।

डॉक्टर मनमोहन सिंह को लोग याद करने लगे हैं

शौरी ने इस मौके पर कहा ‘अब डॉक्टर मनमोहन सिंह को लोग याद करने लगे हैं। सरकार की नीतियां बनाने का तरीका कांग्रेस (जैसा) है और गाय का मुद्दा है। नीतियां समान हैं।’ जब शौरी यह सब कह रहे थे, उस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दर्शक दीर्घा में मौजूद थे। उनके अलावा इस कार्यक्रम में मुख्य आर्थिक सलाहकार ए सुब्रह्मण्यम और पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन भी शामिल थे।

अर्थव्यवस्था के प्रबंधन का मतलब सुर्खियों का प्रबंधन है

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शौरी ने यह भी कहा कि एनडीए के राज में अर्थव्यवस्था के प्रबंधन का मतलब सुर्खियों का प्रबंधन है और वास्तव में यह चीज़ काम करने वाली नहीं है। पूर्व मंत्री ने कहा ‘हर व्यक्ति व्यस्त है और हर व्यक्ति बहुत मेहनत कर रहा है लेकिन यह बड़ी चीजों में तब्दील नहीं हो रहा, यह उस समय (संप्रग सरकार) के वक्त की भी समस्या थी।’ उन्होंने कहा कि अगर आप प्रशासन में अड़चनों की बात करें तो असल में इसमें कोई बदलाव नहीं है। (इनपुट भाषा से भी)