यह ख़बर 11 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अन्ना हजारे ने फिर दी आंदोलन की चेतावनी

खास बातें

  • सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने जन लोकपाल विधेयक को जल्द ही कानून नहीं बनाने की स्थिति में तीसरी बार आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
रालेगण सिद्धि:

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने जन लोकपाल विधेयक को जल्द ही कानून नहीं बनाने की स्थिति में तीसरी बार आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सरकार के लोकपाल विधेयक को गुमराह करने वाला बताते हुए अन्ना हजारे ने कहा कि जन लोकपाल विधेयक को अवश्य मंजूरी दी जानी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर वह तीसरी बार आंदोलन करेंगे। अपने सहयोगियों के साथ दो दिवसीय चिंतन बैठक के दूसरे दिन रविवार को अन्ना हजारे ने कहा, "जन लोकपाल विधेयक का विरोध न करें। जो इसका विरोध करते हैं, उन्हें दोबारा निर्वाचित नहीं किया जाना चाहिए।" जन लोकपाल विधेयक का विरोध करने वाले सांसदों के आवास के बाहर धरना देने के लिए शनिवार को लोगों का आह्वान करने वाले अन्ना हजारे ने रविवार को कहा कि यह सब 'शांतिपूर्ण और अहिंसक' तरीके से होना चाहिए और लोगों को महात्मा गांधी का प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजाराम' गुनगुनाते रहना चाहिए। पहले जंतर मंतर और फिर दिल्ली के रामलीला मैदान पर हुए अपने आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने सहयोगियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ तीसरे चरण के आंदोलन के लिए कोई अन्य स्थान ढूंढ़ने को कहा। उन्होंने कहा, "हम भविष्य की पीढ़ी के लिए लड़ रहे हैं। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और जेल जाएं। मंदिर और जेल हमारे लिए समान हैं।" अन्ना हजारे ने देशभर में शहरों और राजमार्गो पर टोल चेक पोस्ट को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "सभी टोल पोस्ट पर उस ठेकेदार का नाम और पूरी जानकारी होनी चाहिए, जो प्रतिदिन टोल टैक्स एकत्र करता है। परियोजना की पूरी लागत वसूल लिए जाने के बाद टोल संग्रहण रोक दिया जाना चाहिए।" इंडिया अगेंस्ट करप्शन के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अन्ना हजारे के सहयोगी जन-जन तक जाएंगे और उन्हें जन लोकपाल विधेयक तथा इसे लेकर सरकार के मसौदे के बारे में छोटी से छोटी जानकारी देंगे। केजरीवाल ने कहा, "हम उन्हें इस मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक दलों के रुख के बारे में भी बताएंगे और उन्हें जन लोकपाल विधेयक के लाभ के बारे में जागरूक करेंगे।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com