विज्ञापन
This Article is From May 21, 2018

पहले BSF के सामने गिड़गिड़ाए पाकिस्तान रेंजर्स, फिर रात में दिया 'धोखा'

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना उकसावे के गोलाबारी की गई

पहले BSF के सामने गिड़गिड़ाए पाकिस्तान रेंजर्स, फिर रात में दिया 'धोखा'
BSF की ओर से जारी 19 सेकंड का इमैजिनरी फुटेज से ली गई तस्वीर
  • पाक रेंजर्स ने की थी गोलीबारी रोकने की अपील
  • बीएसएफ की कार्रवाई से घबराये पाकिस्तान रेंजर्स
  • रात करीब साढ़े दस बजे पाक रेंजर्स ने फिर की गोलीबारी
श्रीनगर: पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बार फिर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी. इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) से गोलीबारी रोकने की ‘‘अपील’’ की थी. बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में सीमा के दूसरी ओर एक जवान की मौत हो गई जिसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने यह कार्रवाई रोकने की अपील की थी. लेकिन रामगढ़ सेक्टर के नयनपुरा में रात करीब साढ़े दस बजे पाकिस्तान की तरफ से छोटे हथियारों और फिर मोर्टार से बीएसएफ की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की गई.  अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया और खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की तरफ से गोलीबारी जारी थी.  इससे पहले बीएसएफ ने 19 सेकंड का एक थर्मल इमैजिनरी फुटेज भी जारी किया है जिसमें बिना उकसावे के सीमा के दूसरी ओर से गोलीबारी किए जाने के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी चौकी ध्वस्त नजर नजर आ रहा है

पाक की गोलीबारी का BSF ने दिया मुंहतोड़ जवाब, तो पाकिस्तानी रेंजर्स ने लगाई गुहार

 एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘(पाकिस्तानी) रेंजर्स ने जम्मू बीएसएफ फार्मेशन को फोन किया और गोलीबारी रोकने की अपील की.’’  एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना उकसावे के गोलाबारी की गई जिसके बाद उन्हें माकूल जवाब दिया गया. इस पर पाक रेंजर्स ने बीएसएफ से यह अपील की है. अधिकारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में पाकिस्तानी ठिकानों पर बीएसएफ के जवानों की जवाबी गोलीबारी में भारी नुकसान हुआ है.  
वीडियो : जब गिड़गि़ड़ाया था पाकिस्तान

पिछले कुछ दिनों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के हुई गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान मारे गये थे. जम्मू क्षेत्र में सीमा पार से गोलीबारी की घटनाओं में कई आम नागरिकों की मौत हो गयी और कई घायल हो गये हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल संपन्न जम्मू कश्मीर दौरे के मद्देनजर इन घटनाओं में तेजी आई है. वैसे भी जम्मू कश्मीर में इस साल अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी और गोलाबारी की घटनाओं में वृद्धि हुई है. सीमा पार से गोलीबारी और गोलाबारी की हुई 700 से अधिक घटनाओं में 18 सुरक्षा कर्मियों सहित 38 लोग मारे गए तथा कई घायल हो गए. 



(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu Kashmir News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com