आदित्य मर्डर केस : नीतीश कुमार बोले, कहां तक भागेगा आरोपी रॉकी यादव, तलाश जारी

आदित्य मर्डर केस : नीतीश कुमार बोले, कहां तक भागेगा आरोपी रॉकी यादव, तलाश जारी

रॉकी यादव (फाइल फोटो)

पटना:

गया में आदित्य की हत्या का आरोपी जेडीयू नेता मनोरमा देवी का बेटा रॉकी अब भी पुलिस की गिरफ़्त से दूर है, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है, और वह ज़रूर पकड़ा जाएगा। रॉकी यादव पर आरोप है कि उसने कार ओवरटेक करने पर आदित्य नाम के एक छात्र को गोली मार दी थी।

कोई भी कानून से बड़ा नहीं : नीतीश कुमार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने प्रेसवार्ता कर कहा कि यह दुखद घटना है, कोई भी कानून से बड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपी कहां तक भागेगा। पुलिस और कानून अपना काम कर रहे हैं।

रॉकी को पकड़ने के लिए SIT गठित
बिहार के गया में ओवरटेक करने पर हत्या के मामले में जांच के लिए गया एसपी के नेतृत्व में SIT गठित की गई है। हत्या के आरोपी रॉकी की गिरफ़्तारी के लिए बीती रात बिहार समेत देश के कई राज्यों में छापेमारी की गई, लेकिन अब भी वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस बीच बीजेपी ने विरोध में गया बंद बुलाया है।
 

आदित्य सचदेव...

नेता के पति और बॉडीगार्ड को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने मनोरमा के पति बिंदी यादव और मनोरमा देवी के बॉडीगार्ड को को गिरफ़्तार कर लिया है। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के वक्त बॉडीगार्ड रॉकी के साथ ही था। बिंदी यादव पर बेटे रॉकी को भगाने का आरोप है। दरअसल, शनिवार रात बर्थडे पार्टी से आ रहे आदित्य की कार ने रॉकी की रेंज रोवर कार को ओवरटेक कर दिया, जिसको लेकर रॉकी और आदित्य और उसके दोस्त की बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद रॉकी ने आदित्य की स्विफ़्ट कार पर गोली चला दी, जिसमें आदित्य की मौत हो गई।

आदित्य के दोस्त ने सुनाई आपबीती
आदित्य के साथ कार में मौजूद उनके एक दोस्त ने वारदात के बारे में बताया कि जैसे ही उन्होंने रेंज रोवर को ओवरटेक किया, रॉकी और उसके गार्ड ने उन्हें रोकने के लिए हवा में गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया 'हम बोधगया से लौट रहे थे। जैसे ही हमने रेंज रोवर को ओवरटेक किया, वे लोग हमें रोकने के लिए हवा में गोलियां चलाने लगे। फिर उन्होंने हमें ज़ोर ज़बरदस्ती करके कार से बाहर निकाला और हमें मारने लगे। जब हम वहां से भागने लगे तो उनमें से किसी एक ने गोली चलाई जो मेरे दोस्त को जाकर लगी। '

बता दें कि मनोरमा देवी बिहार विधान परिषद की सदस्य हैं और उनके पति बिंदी यादव एक कुख्यात बाहूबली माने जाते हैं। बॉडीगार्ड राजेश कुमार का कहना है कि दूसरी कार से गरमा गरमी के बाद रॉकी ने गोली चलाई थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com