विज्ञापन
This Article is From Feb 23, 2011

जेपीसी में होंगे 30 सदस्य, चाको बन सकते हैं अध्यक्ष

New Delhi: 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित होने वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में 30 सदस्य होंगे जबकि कांग्रेस के नेता पीसी चाको इसके अध्यक्ष हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सरकार विपक्ष की 30 सदस्यों वाली जांच समिति की मांग पर सहमत हो गई है। विपक्ष जांच समिति में राजनीतिक दलों की व्यापक भागीदारी चाहता है। ज्ञात हो कि सरकार इसके पहले जांच समिति में 21 सदस्यों को शामिल करने की सोच रही थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार को बताया कि छोटी पार्टियां भी जांच समिति में अपना प्रतिनिधित्व चाहती हैं। इसके बाद सरकार ने 30 सदस्यों वाली जांच समिति का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को जेपीसी के गठन का वादा किया था। जेपीसी में लोकसभा के 20 और राज्य सभा के 10 सदस्य शामिल होंगे। 30 सदस्यों वाली जांच समिति में कांग्रेस के 11 सदस्य शामिल होंगे। इसमें उसके लोकसभा से आठ और राज्यसभा से तीन सदस्य होंगे। जनता दल (युनाइटेड) का  एक-एक सदस्य लोकसभा और राज्यसभा से होगा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से एक-एक सदस्य लोकसभा और राज्यसभा से होगा। समिति में वामपंथी पार्टियों के दो सदस्य होंगे जिनमें से एक लोकसभा और दूसरा राज्यसभा से होगा। समिति में बीजू जनता दल (बीजद) का एक सदस्य लोकसभा से होगा। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) का एक सदस्य लोकसभा और दूसरा राज्यसभा से होगा। तृणमूल कांग्रेस का  एक लोकसभा सदस्य समिति में शामिल होगा। ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) का भी एक लोकसभा सदस्य समिति में शामिल होगा। समिति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का भी एक राज्यसभा सदस्य शामिल होगा। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से लोकसभा का  एक सदस्य समिति में शामिल होगा। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस ने केरल के सांसद चाको को समिति का अध्यक्ष बनाना 'करीब करीब' तय कर लिया है। एक मंत्री ने कहा, "सरकार ने समिति के संदर्भ में शर्तो की रूपरेखा बना ली है और इन्हें शीघ्र अंतिम रूप दे दिया जाएगा।" लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि भाजपा ने अपने सदस्यों के नाम तय कर लिए हैं। भाजपा की ओर से इस समिति में लोकसभा कोटे से यशवंत सिन्हा, जसवंत सिंह, हरिन पाठक और राज्यसभा से एसएस अहलूवालिया और रविशंकर प्रसाद होंगे। पार्टी ने अपने कोटे की एक सीट शिव सेना को देने का फैसला किया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2जी, संसदीय समिति, जेपीसी, जांच, 2g, JPC, Members