World Malaria Day 2026: गर्मी और बारिश के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियां तेजी से बढ़ती हैं, जिनमें मलेरिया सबसे खतरनाक मानी जाती है. यही वजह है कि हर साल 25 अप्रैल को दुनियाभर में World Malaria Day मनाया जाता है. इस दिन का मकसद सिर्फ एक बीमारी के बारे में बताना नहीं, बल्कि लोगों को इसके खतरे, बचाव और इलाज के प्रति जागरूक करना भी है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे एक ग्लोबल हेल्थ कैंपेन के तौर पर शुरू किया, ताकि मलेरिया को खत्म करने की दिशा में दुनिया एक साथ काम कर सके.
क्यों मनाया जाता है विश्व मलेरिया दिवस- (Why World Malaria Day is Celebrated)
विश्व मलेरिया दिवस का मकसद लोगों को यह समझाना है कि मलेरिया एक गंभीर बीमारी है. हालांकि, सावधानी और समय पर इलाज से इसे रोका और ठीक किया जा सकता है. यह दिन सरकारों, हेल्थ एजेंसियों और आम लोगों को एक मंच देता है, जहां मिलकर इस बीमारी के खिलाफ रणनीति बनाई जा सके. यह अभियान जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच और सही इलाज को बढ़ावा देने पर जोर देता है. इसकी शुरुआत साल 2007 में हुई थी, जब विश्व स्वास्थ्य सभा (World Health Assembly) में इसे वैश्विक स्तर पर मनाने का फैसला लिया गया. इससे पहले इसे “Africa Malaria Day” के रूप में मनाया जाता था.

Photo Credit: AI Generated Image
World Malaria Day 2026 की थीम- (Theme of World Malaria Day 2026)
साल 2026 के लिए विश्व मलेरिया दिवस की आधिकारिक थीम है- “Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must.” इस थीम का मतलब है कि अब हमारे पास मलेरिया से लड़ने के लिए जरूरी संसाधन, तकनीक और वैक्सीन मौजूद हैं, इसलिए इसे खत्म करने के लिए तुरंत और मजबूत कदम उठाने की जरूरत है. यह थीम एक तरह से दुनियाभर से अपील है कि अब मलेरिया को खत्म करने के लिए तेजी से कदम उठाने का समय आ गया है. इसमें देरी की गुंजाइश नहीं है.
मलेरिया से बचाव के आसान उपाय- (Simple Ways to Prevent Malaria)
मलेरिया मच्छर के काटने से फैलता है, इसलिए इससे बचने के लिए रोजमर्रा की कुछ आदतों पर ध्यान देना जरूरी है. सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और घर के आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि यहीं मच्छर पनपते हैं. शाम के समय पूरी बाजू के कपड़े पहनना और मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे लगाना भी मददगार रहता है. अगर बुखार, ठंड लगना या कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों, तो देरी न करते हुए तुरंत जांच करानी चाहिए. इसके बाद भी यदि मलेरिया की जकड़ में कोई आ जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है, समय पर पहचान और सही इलाज से मलेरिया को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है.
विश्व मलेरिया दिवस सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि एक याद दिलाने वाला दिन है कि मलेरिया आज भी दुनिया के कई हिस्सों में खतरा बना हुआ है. अच्छी बात यह है कि सही जानकारी, सावधानी और समय पर इलाज से इस बीमारी को रोका जा सकता है. यही संदेश हर साल इस दिन के जरिए दुनिया तक पहुंचाया जाता है.
ये भी पढ़ें- गर्मी में बार-बार मुंह सूखता है? ये हो सकता है बॉडी का Warning Singal
मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं