- नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावित जीत पर अपनी राय व्यक्त की.
- उन्होंने पार्टी की मजबूत कैडर-आधारित संरचना और कार्यकर्ताओं के समर्पण को संगठन की सफलता का आधार बताया.
- नितिन नवीन पिछले बीस वर्षों से संगठन में सक्रिय हैं और अब बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के गहमागहमी के बीच NDTV के साथ एक विशेष साक्षात्कार (Exclusive Interview) में अपनी बात रखी है. इस एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य के राजनीतिक समीकरणों और पार्टी की जीत की संभावनाओं पर खुलकर अपनी राय रखी.दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के संचालन से जुड़े सवालों पर उन्होंने बेहद बेबाकी से जवाब देते हुए बताया कि किस तरह कैडर-आधारित संरचना और कार्यकर्ताओं का समर्पण पार्टी को निरंतर मजबूती प्रदान करता है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से संगठन के काम में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने छोटे स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और अब पार्टी ने उन्हें बड़े स्तर पर काम करने का अवसर दिया है. काम का स्वरूप भले ही बड़ा हो गया हो, लेकिन मूल काम वही है, जिसे अब व्यापक स्तर पर किया जाना है. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें संगठन के काम को पहले से अधिक गहराई से समझने और निर्णय प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने का मौका मिला है.
बीजेपी की संगठनात्मक संरचना बेहद मजबूत : नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचा हर स्तर पर मजबूत सहयोग देता है. उन्होंने अपने संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी पार्टी के रूप में बीजेपी की संगठनात्मक संरचना बेहद मजबूत है. पार्टी की विचारधारा से जुड़ाव और शुरुआत से मिलने वाला अनुशासन यह स्पष्ट दिशा देता है कि किस रास्ते पर आगे बढ़ना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी टीमवर्क के साथ खड़े रहते हैं, जिससे यह विश्वास मजबूत होता है कि पूरा बैकअप मौजूद है. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसे वे सही साबित कर पाएंगे.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि एक ओर संगठन की पूरी संरचना और बेंच स्ट्रेंथ को पूरी क्षमता के साथ सक्रिय करना होता है, वहीं अलग-अलग स्तरों पर बेहतर समन्वय भी जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के अभियानों का नेतृत्व करना, संगठन को मजबूत करना और हर स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी करना उनकी अहम जिम्मेदारी है, ताकि फैसले प्रभावी ढंग से जमीन तक लागू हो सकें. उन्होंने कहा कि यह सभी काम वे अपनी टीम के साथ मिलकर कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं