क्या आप हर समय थकान महसूस करते हैं? क्या आपकी भूख अचानक कम हो गई है या पेशाब का रंग गहरा रहने लगा है? ज्यादातर लोग इन संकेतों को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन जाने-माने हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. एस.के. सरीन के अनुसार, ये Hepatitis और लिवर डैमेज के शुरुआती संकेत हो सकते हैं. पर सच तो ये है कि लिवर बहुत शांति से अपना काम करता रहता है और जब तक वो पूरी तरह थक नहीं जाता, कोई बड़ा शोर नहीं मचाता.
जाने-माने हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. एस. के. सरीन (ILBS अस्पताल, दिल्ली) हमेशा कहते हैं-

डॉ. एस. के. सरीन
एक नजर में हेपेटाइटिस के 5 शुरुआती लक्षण
- लगातार थकान
- भूख कम लगना
- जी मिचलाना
- गहरा पीला/भूरा पेशाब
- खुजली और आंखों में पीलापन
अगर आप भी नीचे दिए गए 5 लक्षणों को आम समझकर टाल रहे हैं, तो रुकिए और थोड़ा ध्यान दीजिए-
1. लगातार बनी रहने वाली थकान और सुस्ती
हेपेटाइटिस के लक्षण समझने हैं तो खुद पर ध्यान दें. हममें से ज्यादातर लोग थकान को भागदौड़ भरी जिंदगी या नींद पूरी न होने से जोड़कर देख लेते हैं. लेकिन अगर अच्छी नींद लेने के बाद भी सुबह उठकर बदन भारी लगे और दिनभर ऐसा लगे कि शरीर में बिल्कुल एनर्जी नहीं है, तो यह हेपेटाइटिस का शुरुआती संकेत हो सकता है.
डॉ. सरीन के मुताबिक: "हेपेटाइटिस के लक्षण आने में अक्सर देर हो जाती है. जब लिवर में इंफेक्शन या सूजन होती है, तो वो टॉक्सिन्स को सही से फिल्टर नहीं कर पाता. इसका सीधा असर आपके मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है और शरीर लगातार थकान महसूस करने लगता है. इसे सिर्फ तनाव मानकर इग्नोर न करें."
2. भूख में अचानक कमी और जी मिचलाना
अचानक से खाने की इच्छा खत्म हो जाना या मनपसंद खाना देखकर भी उल्टी जैसी फीलिंग आना... यह सिर्फ पेट खराब होने की निशानी नहीं है. जब हेपेटाइटिस वायरस लिवर पर हमला करता है, तो पाचन क्रिया सबसे पहले प्रभावित होती है.
जैसा कि डॉ. सरीन अक्सर जोर देकर कहते हैं: "अगर किसी इंसान को हफ्तों तक खाने का स्वाद न मिले, थोड़ा सा खाते ही पेट भरा-भरा लगे या हल्का जी मिचलाए, तो यह लिवर के कमजोर होने का शुरुआती अलार्म है."
3. पेशाब का रंग गहरा पीला या भूरा होना
हम अक्सर पेशाब के पीले रंग को पानी कम पीने से जोड़ते हैं. लेकिन अगर खूब पानी पीने के बावजूद पेशाब का रंग गहरा पीला, चाय जैसा या भूरा दिख रहा है, तो यह बिलीरुबिन (Bilirubin) के बढ़ने की वजह से होता है.
Watch Video Below: हेपेटाइटिस बी: लक्षण, कारण और उपचार | Hepatitis B: Symptoms, Causes & Treatment
Also Read: अल्कोहल से भी ज्यादा खतरनाक! ये 5 चीजें चुपचाप खराब कर रही हैं आपका लिवर
डॉ. सरीन बताते हैं: "जब लिवर बिलीरुबिन को सही तरीके से प्रोसेस नहीं कर पाता, तो यह खून में घुलने लगता है और किडनी के जरिए बाहर निकलता है. लोग इसे मामूली डिहाइड्रेशन समझ लेते हैं, जबकि यह लिवर डैमेज का सीधा सबूत हो सकता है."
4. पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में हल्का दर्द या भारीपन
पसली के ठीक नीचे, दाहिने तरफ (Right side) अगर आपको हल्का-हल्का मीठा दर्द रहता है या हमेशा एक खिंचाव सा महसूस होता है, तो इसे गैस समझकर इनो या चूर्ण खाकर न छोड़ें.
इस पर डॉ. सरीन की सलाह है कि "लिवर में सीधे तौर पर दर्द के रिसेप्टर्स कम होते हैं, लेकिन जब हेपेटाइटिस की वजह से लिवर में सूजन आती है, तो उसकी बाहरी झिल्ली (Capsule) में खिंचाव पैदा होता है. यही खिंचाव भारीपन या दर्द के रूप में महसूस होता है."
5. त्वचा पर खुजली और आंखों में हल्का पीलापन
पीलिया (Jaundice) का नाम सुनते ही हम आंखों के पूरे पीले होने का इंतजार करते हैं. लेकिन शुरुआती दिनों में आंखों का पीलापन बहुत हल्का होता है, जिसे लोग रोशनी या लाइट का असर मानकर ध्यान नहीं देते. इसके अलावा बिना किसी स्किन एलर्जी के अचानक पूरे शरीर में खुजली होना भी लिवर की खराबी दिखाता है.
डॉ. सरीन चेतावनी देते हुए कहते हैं: "त्वचा के नीचे पित्त लवण (Bile Salts) जमा होने की वजह से खुजली शुरू होती है. अगर आंखों में जरा सा भी पीलापन दिखे या अचानक खुजली बढे, तो तुरंत लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) कराना चाहिए, आंखों के पूरी तरह पीली होने का इंतजार जानलेवा हो सकता है."
क्या करें?
हेपेटाइटिस से बचने का सबसे पहला नियम है : जागरूकता.
अगर आपको इनमें से 2-3 लक्षण भी एक साथ महसूस हो रहे हैं, तो घबराने की जगह तुरंत डॉक्टर से मिलें और LFT (Liver Function Test) व हेपेटाइटिस B और C की जांच करवाएं. डॉ. सरीन की भाषा में कहें तो-

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (Fas)
1. हेपेटाइटिस का पहला लक्षण क्या होता है?
लगातार थकान, कमजोरी और भूख में कमी इसके शुरुआती संकेत हो सकते हैं.
2. Hepatitis में पेशाब का रंग क्यों बदल जाता है?
लिवर के सही ढंग से काम न करने पर बिलीरुबिन बढ़ सकता है, जिससे पेशाब गहरा पीला या भूरा दिखाई देता है.
3. क्या Hepatitis पूरी तरह ठीक हो सकता है?
समय पर जांच और इलाज से कई प्रकार के Hepatitis को नियंत्रित या ठीक किया जा सकता है.
4. Hepatitis के लिए कौन सा टेस्ट कराया जाता है?
LFT (Liver Function Test) और Hepatitis B व C की जांच आमतौर पर कराई जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं