विज्ञापन

बात करते-करते भूल जाते हैं क्या कहना था, डॉक्टर ने बताया क्या हो सकती है वजह

Why You Forget Things Suddenly : बात करते-करते भूल जाना या चीजें याद न रहना हमेशा डिमेंशिया नहीं होता. न्यूरोलॉजिस्ट के अनुसार, इसके पीछे ब्रेन फॉग भी हो सकता है. जानें दोनों में अंतर और संकेत.

बात करते-करते भूल जाते हैं क्या कहना था, डॉक्टर ने बताया क्या हो सकती है वजह
बात करते-करते क्यों भूल जाते हैं? डॉक्टर ने बताया कारण
NDTV

Why You Forget Things Suddenly : किसी का नाम याद न आना, बात करते-करते अचानक भूल जाना या एक ही सवाल बार-बार पूछना कई लोगों को डिमेंशिया का संकेत लग सकता है. लेकिन न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सिकंदर आडवाणी कहते हैं कि हर भूलने की समस्या डिमेंशिया नहीं होती. कई बार इसके पीछे ब्रेन फॉग जिम्मेदार हो सकता है. जानिए दोनों में क्या फर्क है और कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है.

भूलने की समस्या- डिमेंशिया या ब्रेन फॉग (Dementia or Brain Fog)

डॉ. सिकंदर आडवाणी के मुताबिक, कई लोग ये शिकायत लेकर आते हैं कि उन्हें बातचीत के दौरान याद नहीं रहता कि क्या कहना था या वो एक ही बात बार-बार पूछने लगते हैं. ऐसे लक्षण देखकर लोग अक्सर डिमेंशिया का डर पाल लेते हैं. उन्होंने एक 35 वर्षीय टीचर का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके पति को भी यही डर था.

टीचर क्लास में बच्चों के नाम भूलने लगी थीं और कई बातें दोबारा पूछती थीं. हालांकि जांच के दौरान उनका मेमोरी स्कोर नॉर्मल निकला, लेकिन अटेंशन स्कोर काफी कम था. इसके बेसिस पर पता चला कि उन्हें डिमेंशिया नहीं, बल्कि ब्रेन फॉग की समस्या थी.

बार-बार भूलना डिमेंशिया है या ब्रेन फॉग?

डॉ. सिकंदर आडवाणी बताते हैं कि ब्रेन फॉग में दिक्कत याददाश्त मिटने की नहीं, बल्कि नई याद बनने की होती है. इसे समझाने के लिए उन्होंने पेन का उदाहरण दिया. उनके मुताबिक, ध्यान यानी अटेंशन उस कलम की तरह है जिससे दिमाग नई बातें लिखता है.

अगर ध्यान भटका हुआ है तो ‘कलम की स्याही' सूख जाती है और जानकारी दिमाग में दर्ज ही नहीं हो पाती. उन्होंने कहा, ‘डिमेंशिया में याद पहले बनती है और बाद में धीरे-धीरे मिट जाती है. लेकिन ब्रेन फॉग में याद बनती ही नहीं, क्योंकि अटेंशन कमजोर होता है.'

ब्रेन फॉग से कैसे बचें? (How To Prevent Brain Fog)

डॉ. आडवाणी के अनुसार, ब्रेन फॉग की सबसे बड़ी वजह खराब नींद हो सकती है. अगर रात में बार-बार नींद टूटती है या पर्याप्त आराम नहीं मिलता, तो अगले दिन दिमाग नई चीजों को ठीक से याद नहीं रख पाता.

उन्होंने सलाह दी कि किसी भी जरूरी जानकारी को याद रखना चाहते हैं तो उस समय पूरा ध्यान उसी पर दें, फोन और नोटिफिकेशन जैसी चीजों से दूरी बनाएं और अच्छी नींद जरूर लें.

हालांकि डॉक्टर ये भी स्पष्ट करते हैं कि अगर भूलने की समस्या तेजी से बढ़ रही है, बोलने या रोजमर्रा के काम करने में दिक्कत आने लगी है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसे मामलों में तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Why You Forget Things Suddenly, Brain Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com