क्या आपने कभी सोचा है की शरीर एक ही टाइप का खाना सुबह खाने और रात में खाने पर अलग-अलग प्रतिक्रिया क्यों देता है. दरअसल, इसका जवाब हमारी बॉडी क्लॉक यानी सर्केडियन रिद्म (Carcadian Rhythm) में छिपा है. विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर सुबह के समय कार्बोहाइड्रेट को ज्यादा अच्छी तरह पचाता और इस्तेमाल करता है, जबकि रात में यही कार्ब्स ब्लड शुगर को ज्यादा बढ़ा सकते हैं. यही वजह है कि प्रीडायबिटीज और डायबिटीज के बढ़ते मामलों के बीच अब सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि मील टाइमिंग पर भी जोर दिया जा रहा है.
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ साइंस में दिए गए ICMR -INDIAB की एक स्टडी के मुताबिक भारत में 101 मिलियन लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं और 136 मिलियन लोग प्री- डायबिटीज का शिकार हैं. भारत में डायबिटीज और प्री डायबिटीज की यह स्थिति बहुत ही चिंता पैदा करने वाली है.
सुबह कार्ब्स खाने से क्या होता है?
हमारा शरीर दिन और रात के हिसाब से अलग-अलग हार्मोन बनाता है. सुबह के समय इंसुलिन सेंसिटिविटी ज्यादा होती है. इसका मतलब है कि शरीर ग्लूकोज को कोशिकाओं तक पहुंचाने का काम बेहतर तरीके से कर पाता है. इसी वजह से सुबह खाए गए कार्ब्स से मिलने वाली ऊर्जा का इस्तेमाल शरीर आसानी से कर लेता है. इसलिए नाश्ते या सुबह के भोजन में खाए गए कार्ब्स से ब्लड शुगर पर कम असर पड़ सकता है.
रात में क्यों बढ़ सकती है परेशानी?
शाम और रात होते-होते इंसुलिन की कार्यक्षमता कुछ कम होने लगती है. ऐसे में अगर देर रात ज्यादा चावल, रोटी, मिठाई या अन्य कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ खाए जाएं, तो ब्लड शुगर लंबे समय तक बढ़ी रह सकती है. यह स्थिति प्रीडायबिटीज वाले लोगों के लिए ज्यादा चिंता का कारण बन सकती है.
प्रीडायबिटीज में क्या करें?
- अगर आपका ब्लड शुगर सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहता है, तो कुछ आसान आदतें मदद कर सकती हैं.
- दिन का सबसे बड़ा भोजन दोपहर या सुबह के समय लें.
- देर रात भारी भोजन करने से बचें.
- कार्ब्स के साथ प्रोटीन और फाइबर जरूर शामिल करें.
- रात का खाना सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले खा लें.
- नियमित शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.
सिर्फ कैलोरी नहीं, टाइमिंग भी जरूरी
विशेषज्ञ मानते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए केवल कैलोरी गिनना पर्याप्त नहीं है. शरीर की बॉडी क्लॉक के अनुसार भोजन करने से ब्लड शुगर कंट्रोल, वजन प्रबंधन और मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. खासकर प्रीडायबिटीज वाले लोगों के लिए सुबह के समय पौष्टिक और संतुलित भोजन लेना लंबे समय में फायदेमंद साबित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं