Subah Khali Pet Coffee Peene Ke Nuksan: आजकल ज्यादातर लोग अपने दिन की शुरुआत एक कप कॉफी से करते हैं. सुबह उठते ही कॉफी पीना कई लोगों की आदत बन चुकी है, क्योंकि इससे तुरंत फ्रेशनेस और एनर्जी मिलती है. कैफीन दिमाग को एक्टिव करता है और काम करने का मन भी जल्दी बनता है. लेकिन क्या बिना कुछ खाए कॉफी पीना सही है? एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इस आदत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसका असर धीरे-धीरे शरीर पर दिख सकता है.
खाली पेट कॉफी पीने के नुकसान
हो सकती है जलन, गैस और भारीपन की समस्या
डायटीशियन डॉ. अनामिका गौर के अनुसार, सुबह खाली पेट कॉफी पीने से पेट में एसिड बढ़ सकता है. इससे जलन, गैस और भारीपन जैसी समस्या हो सकती है. क्योंकि उस समय पेट खाली होता है, इसलिए कॉफी का असर ज्यादा तेज महसूस होता है.

बढ़ सकती है दिल की धड़कन और बेचैनी
कॉफी में मौजूद कैफीन स्ट्रेस हॉर्मोन को बढ़ा सकता है. इससे घबराहट, बेचैनी और दिल की धड़कन तेज होने जैसी परेशानी हो सकती है. कुछ लोगों को सुबह कॉफी पीने के बाद अजीब सा असहज महसूस होता है, जो इसी कारण होता है.
बिगड़ सकता है नींद का पैटर्न
इसके अलावा, यह आदत नींद के पैटर्न को भी बिगाड़ सकती है. दिन में थकान और कमजोरी महसूस होना भी इसका एक कारण हो सकता है. कुछ मामलों में ब्लड शुगर लेवल में भी उतार-चढ़ाव देखा जाता है, जिससे शरीर का बैलेंस बिगड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: किन लोगों को AC में नहीं रहना चाहिए? जानिए एक्सपर्ट की सलाह
कॉफी पीने का सही तरीका क्या है?
अगर आप कॉफी छोड़ना नहीं चाहते, तो इसे सही तरीके से लेना जरूरी है. सुबह उठते ही सबसे पहले पानी पिएं. इसके बाद हल्का नाश्ता करें और फिर कॉफी लें. इससे पेट पर सीधा असर नहीं पड़ेगा.
दिन में 1 से 2 कप कॉफी लेना सही माना जाता है. बहुत ज्यादा स्ट्रॉन्ग कॉफी से बचें और इसमें चीनी कम रखें. अगर आपको पहले से पेट, एसिडिटी या नींद से जुड़ी समस्या है, तो कॉफी की मात्रा और समय डॉक्टर की सलाह से तय करें.
कॉफी की जगह सुबह क्या पी सकते हैं?
अगर आप सुबह ताजगी चाहते हैं, तो कॉफी के अलावा भी कई विकल्प मौजूद हैं. गुनगुना पानी, नींबू पानी या हर्बल टी शरीर को धीरे-धीरे एक्टिव करते हैं. ग्रीन टी भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
कॉफी पीना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसे सही समय और संतुलित मात्रा में लेना जरूरी है. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप इसके नुकसान से बच सकते हैं और सेहत को बेहतर बनाए रख सकते हैं.
Watch Video: अपने हार्ट को हेल्दी रखने के लिए क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? डॉक्टर ने बताया
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं