स्मोकिंग एक ऐसी लत है जो एक बार लग जाए तो छुड़ाए नहीं छूटती. सिगरेट में निकोटिन होता है जो आपके दिमाग पर असर डालकर एक आरामदायक और सुखद एहसास पैदा करता है, जिसकी वजह से इसे छोड़ना मुश्किल हो जाता है. लेकिन स्मोकिंग करने से आपको कैंसर, स्ट्रोक, दिल का दौरा, फेफड़ों की बीमारी और स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. इसके खतरों को देखते हुए बहुत से लोग स्मोकिंग छोड़ना चाहते है. क्या आप जानते हैं कि लंबे समय तक स्मोकिंग करने के बाद अगर आप इसे छोड़ते हैं तो कितने समय में आपके फेफड़े नॉर्मल होते हैं? इस बारे एम्स में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर सुनील कुमार ने एनडीटीवी से बात की.
स्मोकिंग का शरीर पर असर- (Effects of smoking tobacco on the body)
- तंबाकू का धुआं सांस के साथ अंदर लेने से शरीर के कई अंगों और सिस्टम को नुकसान पहुंचता है.
- श्वास नली (windpipe) और स्वरयंत्र (voice box) में जलन
- फेफड़ों की हवा की नलियों में सूजन और सिकुड़न, और फेफड़ों के रास्तों में ज्यादा बलगम जमा होने के कारण फेफड़ों के काम करने की क्षमता में कमी और सांस फूलना.
- फेफड़ों के इन्फेक्शन का खतरा बढ़ना और खांसी व घरघराहट जैसे लक्षण दिखना.
- फेफड़ों की हवा की थैलियों को हमेशा के लिए नुकसान पहुंचना.
- ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन का बढ़ना
- स्किन की खून की नलियों का सिकुड़ना.
- धमनियों की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचना.
- खून की सप्लाई में रुकावट के कारण स्ट्रोक और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ना.
- निमोनिया और इन्फ्लूएंजा जैसे इन्फेक्शन होने की संभावना बढ़ना
- हड्डियों और मांसपेशियों के सिस्टम पर भी तंबाकू के धुएं का असर होता है.
स्मोकिंग छोड़ने के कितने दिन बाद फेफड़े ठीक होते हैं? (How many days after quitting smoking do the lungs recover?)
डॉक्टर सुनील कुमार ने बताया कि स्मोकिंग छोड़ने के 15 साल बाद जाकर धीरे-धीरे से सामान्य अवस्था में आता है. यानी 15 साल बाद आपका फेफड़ा एक नॉन स्मोकर के फेफड़े की तरह होने की उम्मीद होती है. कई बार ये इस अवधि में भी सामान्य नहीं हो पाता. ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्मोकिंग आपके फेफड़ों को कितनी बुरी तरह से प्रभावित करता है.
ये भी पढ़ें- गॉल ब्लैडर स्टोन को भूलकर भी न करें नजरअंदाज, डॉक्टर सरीन ने बताया क्यों?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं