डायबिटीज आज के समय की एक बड़ी समस्या में से एक है. हेल्दी खान-पान और सही लाइफस्टाइल को अपना कर आप इसे काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं. आपने अक्सर सुना होगा कि डायबिटीज में मीठा खाने की मनाही होती है. जरूरत से ज्यादा मीठा शरीर के लिए हानिकारक माना जाता है. इसलिए घर के बड़े-बुजुर्ग अक्सर चीनी की जगह गुड़ खाने की सलाह देते हैं. यही वजह है कि कई लोग यह मान लेते हैं कि डायबिटीज के मरीज भी बिना चिंता के गुड़ का सेवन कर सकते हैं. लेकिन क्या वास्तव में ऐसा है? क्या गुड़ ब्लड शुगर नहीं बढ़ाता? क्या डायबिटीज में गुड़ खा सकते हैं या नहीं इस आर्टिकल में जानें.
क्या कहती है रिसर्च-
Researchgate के अनुसार गुड़ में चीनी से ज़्यादा मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व होते हैं, जो पाचन, इम्यूनिटी और एनीमिया में फायदेमंद हैं. लेकिन इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स चीनी से ज़्यादा है, इसलिए डायबिटीज वालों को इसे सावधानी से और कम मात्रा में लेना चाहिए.
डायबिटीज मरीजों के लिए कितना सुरक्षित है गुड़?
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों को गुड़ को भी सामान्य चीनी की तरह ही देखना चाहिए. भले ही गुड़ प्राकृतिक हो, लेकिन यह कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी का सोर्स है. इसका अधिक सेवन ब्लड शुगर के लेवल को तेजी से बढ़ा सकता है. कई लोग यह सोचकर अधिक गुड़ खा लेते हैं कि यह हेल्दी है, लेकिन यही गलती उनकी शुगर को बढ़ा सकती है.
क्या गुड़ चीनी से बेहतर है?
गुड़ गन्ने के रस या खजूर के रस से तैयार किया जाता है. इसकी प्रोसेसिंग चीनी की तुलना में कम होती है, इसलिए इसमें आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम और कुछ एंटीऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं. यही कारण है कि इसे चीनी की तुलना में अधिक पौष्टिक माना जाता है. हालांकि, इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि गुड़ में शुगर कम होती है. गुड़ का अधिकांश हिस्सा भी सुक्रोज, ग्लूकोज और फ्रुक्टोज जैसे शर्करा तत्वों से बना होता है. इसलिए इसका सेवन करने पर ब्लड शुगर बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: क्या प्रदूषित हवा आपके दिमाग को समय से पहले बूढ़ा बना रही है? जानें क्या है कनेक्शन

कब गुड़ खाना है सुरक्षित-
यदि किसी व्यक्ति की डायबिटीज अच्छी तरह कंट्रोल में है और डॉक्टर या डाइटिशियन ने सीमित मात्रा में मीठा लेने की अनुमति दी है, तो बहुत कम मात्रा में गुड़ का सेवन किया जा सकता है. हालांकि इसकी मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति, दवाओं और रोजाना के कुल कार्बोहाइड्रेट सेवन पर निर्भर करती है.
गुड़ की जगह क्या खाएं?
यदि मीठा खाने का मन कर रहा है, तो डायबिटीज मरीज फल, दालचीनी ड्रिंक, बिना शुगर वाली हर्बल टी का सेवन कर सकते हैं.
नोट- गुड़ खाने से पहले अपने डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह जरूर लें. बिना सलाह के इसे डाइट का हिस्सा बनाना खतरे की घंटी हो सकती है.
ये भी पढ़ें- गले के दर्द और खराश से हैं परेशान? अपनाएं ये 4 आसान घरेलू उपाय, झट से मिलेगा आराम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं