विज्ञापन

पाचन संबंधी समस्याओं से हैं परेशान? रोज करें उत्तानपादासन, जानें करने का सही तरीका

आज के समय में लोगों का खानपान और लाइफस्टाइल ऐसा हो गया है जिसकी वजह से पाचन से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में उत्तानपादासन आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

पाचन संबंधी समस्याओं से हैं परेशान? रोज करें उत्तानपादासन, जानें करने का सही तरीका
पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए फायदेमंद है उत्तानपादासन. ( Image IANS)

उत्तानपादासन योग का एक बहुत ही सरल लेकिन असरदार आसन माना जाता है, जिसे घर पर आसानी से किया जा सकता है. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जब लोग लंबे समय तक बैठे रहते हैं, गलत खानपान और तनाव से जूझते हैं, तब यह आसन शरीर और मन दोनों के लिए काफी फायदेमंद साबित होता है. खास बात यह है कि इसे करने के लिए किसी विशेष उपकरण या जगह की जरूरत नहीं होती, बस एक साफ और समतल स्थान ही काफी है.

उत्तानपादासन के फायदे

आयुष मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उत्तानपादासन पेट की मांसपेशियों और पेल्विक फ्लोर को मजबूत बनाने में मदद करता है. जब हम इस आसन को करते हैं तो पेट के निचले हिस्से पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे वहां रक्त संचार बेहतर होता है. इसका सीधा असर पाचन तंत्र पर पड़ता है और गैस, कब्ज, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याओं में राहत मिलती है. जिन लोगों को अक्सर खाने के बाद भारीपन महसूस होता है या पेट साफ नहीं रहता, उनके लिए यह आसन बहुत उपयोगी माना गया है.

इस आसन का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर डालता है. जब इसे करते समय हम धीरे-धीरे और गहरी सांस लेते हैं, तो दिमाग को शांति मिलती है और तनाव कम होता है. यह नर्वस सिस्टम को रिलैक्स करने में मदद करता है, जिससे चिंता और बेचैनी जैसी समस्याओं में राहत मिलती है. पढ़ाई या ऑफिस के दबाव में रहने वाले लोगों के लिए यह आसन मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक हो सकता है.

कैसे करें उत्तानपादासन

उत्तानपादासन करने की विधि भी बहुत आसान है. सबसे पहले जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं और दोनों हाथ शरीर के पास रखें. हथेलियां नीचे की ओर होनी चाहिए. अब धीरे-धीरे सांस लेते हुए दोनों पैरों को एक साथ लगभग 30 से 45 डिग्री तक ऊपर उठाएं. इस स्थिति में कुछ सेकंड तक रुकें और फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए पैरों को वापस जमीन पर ले आएं. इसे अपनी क्षमता के अनुसार कुछ बार दोहराया जा सकता है.

हालांकि, जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, पीठ दर्द या रीढ़ से जुड़ी कोई गंभीर समस्या है, उन्हें यह आसन सावधानी के साथ करना चाहिए. गर्भवती महिलाओं और हाल ही में पेट की सर्जरी कराने वाले लोगों को यह आसन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.

ये भी पढ़ें: रीढ़ को मजबूत कर मन को शांत करता है सरल धनुरासन, जानें अभ्यास का सही तरीका

लेखक के बारे में
img
अनिता शर्मा
एसोसिएट एडिटर
अनिता शर्मा हिंदी की जानी-मानी हेल्थ जर्नलिस्ट्स में शुमार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. साल 2006 में अपने... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttanpadasana Karne Ke Fayde, Uttanpadasana Kaise Karte Hai, Uttanpadasana Benefits, Yoga Sikho, International Yoga Day
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com