"मैं तो धूप में जाता ही नहीं, फिर चेहरे पर ये दाग-धब्बे और झुर्रियां क्यों आ रही हैं?" अक्सर डर्मेटॉलोजिस्ट के पास इस तरह के सवाल करते हुए पेसेंट आते रहते हैं. लेकिन सच्चाई ये है कि स्किन को नुकसान पहुंचाने वाली धूप सिर्फ समुद्र किनारे छुट्टियां मनाने या घंटों धूप सेंकने से नहीं मिलती. ऑफिस जाते समय का सफर, बाजार तक की पैदल दूरी या खिड़की के पास बैठकर काम करने वालों पर भी धूप अपना असर डाल सकती है.
विश्व ओजोन दिवस के मौके (World Ozone Day 2026) पर सीके बिड़ला हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रुबेन भसीन पासी बताती हैं कि स्किन की उम्र अचानक से बढ़ने के पीछे सनबर्न नहीं, बल्कि सालों तक होने वाले हल्के और लगातार यूवी एक्सपोजर की होती है. इसे मेडिकल भाषा में फोटोएजिंग कहा जाता है.
कैसे बूढ़ी होने लगती है स्किन?
डॉ. पासी का कहना है कि अल्ट्रा-वायलेट किरणें स्किन के अंदर मौजूद कोलेजन और इलास्टिन को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती हैं. यही स्किन को कसाव और लोच देते हैं. जब इनकी मात्रा कम होने लगती है, तो झुर्रियां, ढीलापन और बेजान होने लगती है.
इसके अलावा UV किरणें स्किन में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाती हैं, जिससे स्किन सेल्स को नुकसान पहुंच सकता है. यही वजह है कि चेहरे पर समय से पहले झुर्रियां नजर आने लगते हैं. डॉ. बताती हैं कि धूप के कारण पिगमेंटेशन भी बढ़ता है, जिससे मेलाज्मा, काले धब्बे और असमान स्किन टोन जैसी समस्याएं उभर सकती हैं.
ओजोन परत क्या करती है?
डॉक्टर कहती हैं कि अक्सर लोगों को लगता है कि ओजोन परत उन्हें पूरी तरह यूवी किरणों से बचा लेती है, लेकिन ऐसा नहीं है. ओजोन परत सूरज की सबसे खतरनाक यूवी-C और काफी हद तक यूवी-B किरणों को रोकती है. हालांकि, यूवी-A किरणें आसानी से वातावरण को पार कर धरती तक पहुंच जाती हैं. इसी वजह से किरणें स्किन की गहराई तक जाकर लंबे समय में उम्र बढ़ने के संकेत पैदा करती हैं.
यूवी से स्किन को कैसे रखें सुरक्षित?
विशेषज्ञ SPF 30 या उससे अधिक वाले ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन के इस्तेमाल की सलाह देते हैं. घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाएं और लंबे समय तक बाहर रहने पर हर दो घंटे में दोबारा लगाएं. टोपी, धूप का चश्मा और फुल स्लीव कपड़े भी सुरक्षा बढ़ाते हैं.
डॉ. पासी कहते हैं कि स्किन को नुकसान अचानक नहीं दिखता, बल्कि ये सालों में धीरे-धीरे जमा होता है. इसलिए धूप से बचाव को मौसम या अवसर से नहीं, बल्कि रोज की आदत बनाना जरूरी है. यही आदत आने वाले वर्षों में आपकी त्वचा को स्वस्थ और जवान बनाए रखने में मदद कर सकती है.
ये भी पढ़ें - किचन से कभी खत्म न होने दें ये 4 फल, रोज खाने से बढ़ती उम्र में भी स्किन रहेगी जवां-जवां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं