क्या आपने कभी सोचा है कि एक ऐसी बीमारी, जिसका टीका सालों से मौजूद है, वह कुछ ही महीनों में सैकड़ों बच्चों की जान ले सकती है? भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में इस समय कुछ ऐसा ही डरावना हाल है. वहां खसरे का प्रकोप तेजी से फैल रहा है. मार्च से अब तक करीब 750 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं. करीब 1 लाख बच्चों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है. अस्पताल भरे हुए हैं, माता पिता अपने बच्चों को बचाने की कोशिश में दिन रात वहीं डटे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अगर समय रहते सावधानी नहीं बरती गई, तो हालात और भी खराब हो सकते हैं.
हर दिन सामने आ रहे नए मामले-
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खसरे से पहली मौत अप्रैल में दर्ज की गई थी. इसके बाद से लगभग हर दिन मौत की खबरें सामने आ रही हैं. अब तक मरने वालों की संख्या करीब 750 पहुंच चुकी है. इससे पूरे देश में बच्चों को लेकर माता पिता की चिंता बढ़ गई है.
करीब 1 लाख बच्चे अस्पताल पहुंचे-
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक करीब 1 लाख संदिग्ध खसरा मरीज अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं. इनमें ज्यादातर छोटे बच्चे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि कई बच्चों की रोगों से लड़ने की ताकत पहले से कमजोर थी. इसके साथ ही उन्हें निमोनिया जैसी दूसरी गंभीर दिक्कतें भी हो गईं, जिससे मौत का खतरा काफी बढ़ गया.

बांग्लादेश में क्यों फैल रहा खसरा. (Image NDTV)
आखिर इतना बड़ा प्रकोप क्यों फैला?
डॉक्टरों के मुताबिक, इसके पीछे कई वजहें हैं. बड़ी संख्या में बच्चों को समय पर खसरे का टीका नहीं लग पाया. इसके अलावा बांग्लादेश में कई परिवार छोटे और भीड़भाड़ वाले कमरों में रहते हैं, जहां एक बच्चे से दूसरे बच्चे में संक्रमण बहुत तेजी से फैल जाता है. संक्रमित बच्चों को अलग रखना भी मुश्किल हो जाता है.
कई बच्चों ने खसरे के टीके की पूरी खुराक नहीं ली. इस बीमारी से बचने के लिए, सिर्फ पहली खुराक काफी नहीं होती. पूरी खुराक लेना जरूरी है, तभी बीमारी से बेहतर सुरक्षा मिलती है. ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि बच्चों का टीकाकरण पूरा कराएं, शुरुआती लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करें और इलाज में देरी न करें.
खसरे के लक्षण-
- तेज बुखार
- सूखी खांसी
- नाक बहना
- आंखें लाल होना पानी आना
- गाल के अंदर सफेद छोटे-छोटे दाने
- लाल चकत्ते
खसरे से बचाव के उपाय-
- वैक्सीन डोज
- मरीज के खांसने-छींकने से दूर रहें
- बार-बार हाथ धोएं
- चेहरे को छूने से बचें
- इम्यूनिटी बढ़ाएं
- पौष्टिक खाना
- पर्याप्त नींद
- विटामिन A लें
ये भी पढ़ें- मुंह के छालों से हैं परेशान? बाबा रामदेव ने बताया 2 मिनट का देसी नुस्खा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं