विज्ञापन

AI वीडियो से इटली की महिला को फंसाया, शादी का झांसा देकर 98 हजार रुपये ठगे; गुरुग्राम से आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी ने वेस्टर्न यूनियन से भेजी गई रकम को मुथूट फाइनेंस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराया था.

AI वीडियो से इटली की महिला को फंसाया, शादी का झांसा देकर 98 हजार रुपये ठगे; गुरुग्राम से आरोपी गिरफ्तार
इटली की महिला से ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने हरियाणा से पकड़ लिया है.
फाइल फोटो

गुरुग्राम में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने खुद को एआई वीडियो क्रिएटर बताकर इटली की एक महिला को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया. आरोपी ने पहले महिला से दोस्ती की, फिर शादी का भरोसा दिलाया और बाद में अपने कथित प्रोजेक्ट के लिए पैसे मांगकर उससे करीब 900 यूरो यानी लगभग 98 हजार रुपये ठग लिए. मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न्याय की उम्मीद में पीड़िता खुद इटली से भारत पहुंच गई.

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर शुरू हुआ धोखे का खेल

साइबर अपराध थाना पश्चिम के अधिकारियों के अनुसार पीड़िता ज्वेलरी डिजाइनिंग का काम करती है. उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अखिल मौर्या नामक व्यक्ति से हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने खुद को एआई वीडियो क्रिएटर बताया और महिला का भरोसा जीत लिया.

कुछ समय बाद आरोपी ने महिला को शादी के लिए तैयार करने की कोशिश की. इसी दौरान उसने अपने एआई वीडियो प्रोजेक्ट में आर्थिक परेशानी होने की बात कहकर मदद मांगी. रिश्ते और विश्वास के कारण महिला उसकी बातों में आ गई और वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से 4 अगस्त और 10 सितंबर को कुल 900 यूरो भेज दिए.

मामले की शुरुआत जुलाई 2026 में हुई थी, जब पीड़िता ने इंस्टाग्राम के जरिए साइबर अधिकारियों से संपर्क कर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी. इसके बाद 28 सितंबर 2026 को वह सीधे इटली से गुरुग्राम पहुंची और साइबर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी.

सेक्टर-17 से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने 1 अक्टूबर को गुरुग्राम के सेक्टर-17 स्थित सुखराली इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान 36 वर्षीय अखिल मौर्या के रूप में हुई है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बहादुरपुर गांव का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के एक पीजी में रह रहा था.

नौकरी छूटने के बाद चुना ठगी का रास्ता

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम करता था. जुलाई 2025 में नौकरी छूटने के बाद वह आर्थिक तंगी में आ गया. आसान पैसे कमाने के लालच में उसने सोशल मीडिया के जरिए विदेशी महिला को निशाना बनाया और प्यार व शादी का नाटक रचकर रुपये ऐंठ लिए.

जांच में सामने आया कि आरोपी ने वेस्टर्न यूनियन से भेजी गई रकम को मुथूट फाइनेंस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराया. बैंक शुल्क कटने के बाद उसके खाते में 67,297 रुपये पहुंचे थे. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं.

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी ने चुनाव के बीच पैर में चोट का किया था फर्जी दावा, जांच कराएंगे: शुभेंदु अधिकारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Cyber Crime, Italy, Cyber Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com