विज्ञापन

पैसों के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने कारोबारी दोस्त के सिर में मारी गोली; हालत नाजुक, गुरुग्राम की घटना

गुरुग्राम के आचार्य पुरी इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक रिटायर्ड फौजी ने अपने दोस्त के सिर में गोली मार दी. घायल कारोबारी हेमंत कौशिक की हालत गंभीर है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है.

पैसों के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने कारोबारी दोस्त के सिर में मारी गोली; हालत नाजुक, गुरुग्राम की घटना
गुरुग्राम में पैसों के विवाद में खूनी खेल: रिटायर्ड फौजी ने दोस्त के सिर में मारी गोली, हालत नाजुक
गुरुग्राम:

हरियाणा के गुरुग्राम में पैसों के लेन-देन का विवाद खूनी खेल में बदल गया. सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पीछे स्थित आचार्य पुरी कॉलोनी में एक रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर अपने दोस्त के सिर में गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल हेमंत कौशिक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से रुपये-पैसों का हिसाब-किताब चल रहा था. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया.

पैसों के विवाद ने लिया खूनी मोड़

घटना गुरुग्राम के आचार्य पुरी स्थित कौशिक हाउस की बताई जा रही है. घायल की पहचान रेंटल प्रॉपर्टी कारोबारी हेमंत कौशिक के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार हेमंत कौशिक और उनके करीबी दोस्त अमरजीत ग्रेवाल के बीच काफी समय से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. अमरजीत ग्रेवाल मूल रूप से भिवानी का रहने वाला है और करीब एक वर्ष पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था. वर्तमान में वह गुरुग्राम में फाइनेंस और पीजी (पेयिंग गेस्ट) का कारोबार करता है.

पुलिस टीम जांच करती हुई

पुलिस टीम जांच करती हुई

कहासुनी के बाद चली गोली

जांच अधिकारी अमित कुमार के मुताबिक जब दोनों का आमना-सामना हुआ तो पैसों को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़कर गाली-गलौज तक पहुंच गया. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान गुस्से में आए अमरजीत ग्रेवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और हेमंत कौशिक के सिर में सीधे गोली मार दी. गोली लगते ही हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और परिचितों की मदद से घायल हेमंत को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार सिर में गोली लगने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. अस्पताल में उनका इलाज जारी है और चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं.

आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. जांच अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस विवाद के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें : दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, जिम में घुसते ही मारी गोली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Firing, Money Dispute, Retired Army Man, Money Dispute Firing, Gurugram Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com