विज्ञापन

VIDEO: बीच एक्सप्रेसवे पर 'नागिन डांस' करता कैंटर! खतरनाक स्टंट से घबराए अन्य वाहन चालक

गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर कैंटर चालक के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एनएच-48 पर लहराते इस वाहन को देखकर अन्य चालक घबरा गए और रफ्तार धीमी करनी पड़ी.

गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीच हाईवे पर एक कैंटर चालक ने जिस तरह वाहन को लहराते हुए चलाया, उसे देखकर लोगों की सांसें अटक गईं. यह खतरनाक स्टंट किसी फिल्मी दृश्य जैसा नहीं, बल्कि सैकड़ों लोगों की जान के साथ खिलवाड़ था. 

साहिल मनचंदा की रिपोर्ट...

एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट

यह मामला गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास का बताया जा रहा है. मानेसर की तरफ से आ रहा एक कैंटर अचानक सड़क पर लहराने लगा. कभी वह दाईं ओर मुड़ता तो कभी बाईं ओर, जैसे कोई नियंत्रण ही न हो. तेज रफ्तार ट्रैफिक के बीच इस तरह का स्टंट बेहद खतरनाक साबित हो सकता था.

वाहन चालकों ने घटाई रफ्तार

कैंटर की इस हरकत को देखकर पीछे आ रहे वाहन चालकों में डर का माहौल बन गया. कई लोगों ने तुरंत अपनी गाड़ियां धीमी कर लीं और दूरी बना ली, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके. हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

चालक पर नशे या नींद का शक

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कैंटर चालक या तो नशे में था या उसे नींद आ रही थी, जिसकी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. हालांकि, इस बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि स्थिति बेहद गंभीर थी.

पुलिस से कार्रवाई की मांग

पीछे चल रहे एक ट्रक और कार सवार लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने गुरुग्राम पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. कई यूजर्स ने इसे लापरवाही नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई खतरनाक हरकत बताया.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर इस तरह की लापरवाही के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. बार-बार ऐसे वीडियो सामने आना यह दिखाता है कि ट्रैफिक नियमों का पालन अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. फिलहाल, पुलिस इस वायरल वीडियो के आधार पर कैंटर चालक की पहचान करने में जुटी है.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Expressway Viral Video, Gurugram Expressway, Rash Driving Case, Traffic Rule Violation, Haryana Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com