विज्ञापन

गुरुग्राम: पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर, पंजाब से गिरफ्तार हुए एक आरोपी की मौत एक घायल

गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच तड़के सुबह एनकाउंटर हुआ. सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव पर फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार अपराधियों को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया गया था. इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी.

गुरुग्राम: पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर, पंजाब से गिरफ्तार हुए एक आरोपी की मौत एक घायल

Gurgaon Police Encounter: गुरुग्राम में तड़के सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी. सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट मैनेजर सौरभ यादव पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को जब पुलिस हथियारों की बरामदगी के लिए लेकर गई, तभी हालात अचानक बिगड़ गए. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई. इस एनकाउंटर में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है.

गुरुग्राम से साहिल मनचंदा की रिपोर्ट..

हथियार बरामदगी के दौरान अचानक हमला

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, यह घटना उस समय घटी जब पुलिस टीम दो आरोपियों को उस जगह ले जा रही थी, जहां वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार छिपाए गए थे. जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, आरोपियों ने अचानक छिपे हुए हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश करने लगे.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई और एनकाउंटर

बदमाशों की फायरिंग के बीच खुद को और टीम को बचाने के लिए पुलिस ने तुरंत जवाबी फायरिंग की. इस क्रॉस फायरिंग में आरोपी गुरशेर उर्फ शेरा को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उसका साथी जसपाल उर्फ बबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एक पुलिसकर्मी भी हुआ घायल

इस मुठभेड़ में बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. घायल जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

2 मई की फायरिंग का मामला

बताया गया कि ये दोनों आरोपी 2 मई को कन्हई गांव में सौरभ यादव के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे. इस हमले में सौरभ यादव का एक सुरक्षा कर्मी घायल हुआ था. इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों बदमाशों को दो दिन पहले पंजाब से गिरफ्तार किया था.

आरोपियों की पहचान और आपराधिक कोशिश

मृतक आरोपी की पहचान गुरशेर उर्फ शेरा के रूप में हुई है, जबकि घायल आरोपी जसपाल उर्फ बबल है. दोनों पर पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश और पुलिस पर जानलेवा हमला करने का आरोप है. पुलिस अब घायल आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले और उसके पीछे के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

इलाके में सख्त निगरानी, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने बंधवाड़ी इलाके को घेर लिया है. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com