विज्ञापन

फरीदाबाद: बीटेक कर रहे बांग्लादेशी छात्र ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी

फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बांग्लादेशी छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था. घटना के समय वह कमरे में अकेला था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है.

फरीदाबाद: बीटेक कर रहे बांग्लादेशी छात्र ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी

Bangladesh Student Suicide: फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहे बांग्लादेशी छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

हॉस्टल के कमरे में मिला शव

घटना सूरजकुंड क्षेत्र के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की है. मृतक छात्र की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है, जो बीटेक सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था. जानकारी के मुताबिक वह हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में रहता था. घटना के वक्त वह कमरे में अकेला था, जबकि उसका साथी छात्र किसी काम से बाहर गया हुआ था.

रूममेट ने देखा तो मच गया हड़कंप

जब रूममेट वापस लौटा तो उसने कमरे का दरवाजा खोला और मुस्ताक को पंखे से लटका हुआ पाया. यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत बाकी छात्रों को जानकारी दी. सभी ने मिलकर उसे नीचे उतारा और पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे हॉस्टल में सन्नाटा छा गया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच की. तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

दूतावास और परिजनों को दी सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को जानकारी दे दी है. साथ ही बांग्लादेश दूतावास को भी इस घटना से अवगत कराया गया है, ताकि आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा सकें.

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि छात्र किसी युवती से बातचीत करता था, हालांकि वह उसी कॉलेज की छात्रा नहीं थी. पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

हर पहलू से होगी जांच

फिलहाल इस मामले में पुलिस कोई भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. कॉलेज प्रशासन भी इस घटना से स्तब्ध है और छात्र की मौत को लेकर दुख जताया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faridabad Student Suicide News, Bangladesh Student Suicide India, Engineering College Hostel Suicide, Surajkund Hostel Incident, Student Suicide Case India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com