विज्ञापन
This Article is From Feb 08, 2026

बुजुर्गों की पेंशन काटी, खिलाड़ियों को डाइट खर्च नहीं मिला; हरियाणा सरकार पर AAP ने लगा दी आरोपों की झड़ी

अनुराग ढांडा ने आगे कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि हरियाणा में 37 हजार खिलाड़ियों को पिछले एक साल से डाइट भत्ता नहीं मिला और सरकार इसे सामान्य प्रशासनिक फैसला बताकर पल्ला झाड़ रही है.जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते,आज वही खिलाड़ी अपने खाने और पोषण के लिए परेशान हैं.

बुजुर्गों की पेंशन काटी, खिलाड़ियों को डाइट खर्च नहीं मिला; हरियाणा सरकार पर AAP ने लगा दी आरोपों की झड़ी
  • आप का आरोप-हरियाणा में खिलाड़ियों को पिछले एक साल से डाइट भत्ता नहीं मिला है
  • आप-खेल नर्सरियां बंद हैं, कोचों को दस महीने से वेतन नहीं मिला जिससे खेल तंत्र पूरी तरह चरमरा गया
  • हरियाणा सरकार ने 75 हजार बुजुर्गों की पेंशन काट दी है, जिसमें किसानों की पेंशन भी शामिल है
चंडीगढ़:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह की नीतियों पर तीखा हमला बोला.अनुराग ढांडा ने कहा कि  जनता की तकलीफ, खिलाड़ियों का भविष्य और बुज़ुर्गों की जिंदगी सरकार के एजेंडे से बाहर हो चुकी है. हरियाणा का नाम कभी खेलों और मेहनत की मिसाल के तौर पर लिया जाता था,लेकिन आज वही प्रदेश खिलाड़ियों की बदहाली,पेंशन कटौती और प्रशासनिक संवेदनहीनता की पहचान बनता जा रहा है.

खिलाड़ियों का डाइट खर्च कहां है?

अनुराग ढांडा ने आगे कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि हरियाणा में 37 हजार खिलाड़ियों को पिछले एक साल से डाइट भत्ता नहीं मिला और सरकार इसे सामान्य प्रशासनिक फैसला बताकर पल्ला झाड़ रही है.जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते,आज वही खिलाड़ी अपने खाने और पोषण के लिए परेशान हैं.खेल नर्सरियां बंद हैं,अभ्यास रुका हुआ है,लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह के लिए यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है. ऐसा लगता है जैसे सरकार को लगता है कि मेडल भाषणों और विज्ञापनों से आ जाते हैं,मैदान और पसीने से नहीं.

आप के मीडिया प्रभारी ने हमला जारी रखते हुए कहा कि स्थिति यहीं खत्म नहीं होती. खेल नर्सरियों में काम कर रहे कोचों को 10 महीने से सैलरी नहीं मिली,जिससे पूरा खेल तंत्र चरमरा गया है. जब कोच ही आर्थिक तनाव में होंगे,तो खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और ट्रेनिंग कैसे मिलेगी,लेकिन सरकार इस पर चुप है,मानो यह सब किसी और प्रदेश की समस्या हो. यही वजह है कि आज हरियाणा का खिलाड़ी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है.

75000 बुजुर्गों की पेंशन काट दी...

अनुराग ढांडा ने बुजुर्गों के मुद्दे पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 75 हजार बुज़ुर्गों की पेंशन काट दी और हैरानी की बात यह है कि किसान की फसल के दाम को “कमाई” बताकर उसकी पेंशन रोक दी गई. जो किसान जीवन भर खेतों में मेहनत करता रहा,उसी को बुढ़ापे में यह कहकर दंडित किया जा रहा है कि अब वह पेंशन का हकदार नहीं है. यह सिर्फ नीतिगत असफलता नहीं,बल्कि अमानवीय सोच का उदाहरण है.

सीएम नायब सैनी निशाने पर

अनुराग ढांडा ने सीधे हरियाणा सीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह की छवि अब एक ऐसे मुख्यमंत्री की बनती जा रही है,जिसे जनता के असली मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है.खिलाड़ी भूखे हैं,बुजुर्ग पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं,किसान अपमानित महसूस कर रहे हैं,लेकिन सीएम साहब 'सब ठीक है' के भाव में नजर आते हैं. यही कारण है कि सोशल मीडिया और जनता के बीच उन्हें लेकर कई बातें हो रही हैं, क्योंकि सरकार गंभीर समस्याओं को भी हल्के में ले रही है.

उन्होंने आगे कहा कि इसके उलट आम आदमी पार्टी ने यह साबित किया है कि अगर नीयत साफ हो तो व्यवस्था बदली जा सकती है. पंजाब में खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय स्टेडियम,समय पर भत्ते,सम्मान और सुविधाएं दी जा रही हैं. आम आदमी पार्टी मानती है कि खिलाड़ी बोझ नहीं,प्रदेश की शान होते हैं;बुज़ुर्ग दया के नहीं,सम्मान के हकदार होते हैं और किसान सिर्फ आंकड़ा नहीं,अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है.

अनुराग ढांडा ने साफ कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है और यही वजह है कि आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक उठाएगी. यह लड़ाई खिलाड़ियों के हक की है,बुज़ुर्गों के सम्मान की है और हरियाणा की आत्मा को बचाने की है.सरकार चाहे जितनी “चिल” बनी रहे, जनता अब सवाल पूछने लगी है और जवाब लेकर ही मानेगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Naib Saini, Haryana News, Haryana News Cm, AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com