विज्ञापन

देश का हर सेक्टर बर्बाद है, अब जनता सिखाएगी बीजेपी को सबक : अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के अंदर उम्मीदें खत्म हो गई थीं, लोगों ने कहना चालू कर दिया था कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार आई और देश के लोगों को एक उम्मीद दी. ‘‘आप’’ की सरकार ने दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़कें ठीक की. आम आदमी पार्टी ने 140 करोड़ लोगों को उम्मीद दी कि देश सुधर सकता है.

देश का हर सेक्टर बर्बाद है, अब जनता सिखाएगी बीजेपी को सबक : अरविंद केजरीवाल
  • अरविंद केजरीवाल ने जंतर मंतर पर रैली में कहा कि देश की तानाशाही सरकार को 140 करोड़ लोग मिलकर खत्म करेंगे.
  • केजरीवाल ने अपने ईमानदार प्रशासनिक कार्यकाल और भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली की दस साल की सरकार का हवाला दिया.
  • उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली में कर्मचारियों की नौकरियां छीन कर और वादे पूरे नहीं कर के लोगों को दुखी किया.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर विशाल रैली कर देश को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि 140 करोड़ लोग मिलकर देश से तानाशाह सरकार उखाड़ फेंकेंगे. ये लोग सत्ता की राजनीति करें और हम जनता के लिए काम करेंगे. आज से यह बदलाव की गिनती शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते रहे कि दिल्लीवालों का ‘बेटा' भ्रष्ट और है, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा. आज देश का हर सेक्टर बर्बाद है. इस दौरान दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा समेत विभिन्न प्रांतों से आए ‘‘आप'' नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों आम लोगों ने ‘पढ़ा-लिखा दमदार है, मेरा केजरीवाल कट्टर ईमानदार है' के जमकर नारे लगाए.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं. जब मैं आईआईटी में पढ़ता था, तो मेरे बहुत अच्छे नंबर आए. मैं चाहता तो नौकरी करने अमेरिका जा सकता था. मेरे बहुत सारे दोस्त विदेश गए हैं. लेकिन उस समय मेरे मन में ख्याल आया कि देश का बहुत बुरा हाल है. अगर बड़े-बड़े संस्थाओं से पढ़ कर सारे लोग विदेश चले जाएंगे तो अपने देश को कौन संभालेगा, कौन ठीक करेगा. मैं अमेरिका नहीं गया. मैं अपने देश में रहा और इनकम टैक्स विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर की नौकरी करने लगा. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे पास एक सीए आया और उसने अपना केस करवाया और कहा कि सेवा बताइए. बोला कि कितने पैसे लगेंगे? मैंने कहा कि मैं रिश्वत नहीं लेता. उसने कहा कि आपके नाम पर पैसे लाया हूं, नहीं लेंगे तो खुद रख लूंगा.

Latest and Breaking News on NDTV

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धीरे-धीरे पूरे विभाग में फैल गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है. एक पैसा नहीं लेता है. पूरे विभाग के लोग मेरी ईमानदारी की कसमें खाया करते थे. फिर किस्मत ने मुझे दिल्ली का मुख्यमंत्री बना दिया. 10 साल दिल्ली का मुख्यमंत्री रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पता नहीं क्यों मुझसे नफरत करते हैं? मैंने तो उनका कुछ नहीं बिगाड़ा. लेकिन 10 साल के अंदर एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं मिला. इन 10 सालों में पता नहीं कितनी फाइलों पर साइन किए थे. कोई एक ठेकेदार खड़ा होकर कह दे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे थे, मैं राजनीति छोड़ दूंगा. मैंने अपने जीवन सिर्फ ईमानदारी कमाई हैं. क्योंकि मैं भारत से बहुत प्यार करता हूं. जब कोई देश से गद्दारी करता है और अपमान करता है तो खून खौल उठता है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2014 तक बीजिंग में भारत से ज्यादा प्रदूषण होता था, लेकिन 12 साल में बीजिंग ने अपना प्रदूषण खत्म कर दिया. आज पूरे उत्तर भारत के अंदर सांस लेना मुश्किल हो रहा है. ये लोग कहते हैं कि विकसित भारत बनाएंगे. विकसित भारत छोड़ो, रहने लायक भारत बना दो. कम से कम लोग सांस तो ले सकें.

Latest and Breaking News on NDTV

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक बहुत बड़े वैज्ञानिक हैं. उनको पदम् श्री, पदम् भूषण मिलना चाहिए. बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने बहुत कुछ किया है. लेकिन सोनम वांगचुक को जेल में डाल दिया. जब कोई तानाशाह पढ़े-लिखे वैज्ञानिकों से डरना चालू कर दे तो समझ लेना कि उसका अंत आ गया है. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे गिरफ्तार कर बड़े-बड़े संदेश दिए हैं. उन्होंने संदेश दिया है कि खबरदार सरकार में कोई ईमानदारी से काम करेगा तो उसका केजरीवाल जैसी हालत कर देंगे. आम आदमी पार्टी ने आम लोगों को टिकट दिए. देश के युवाओं ने अपनी नौकरियां छोड़ दीं और राजनीति में आ गए. सबको लगा कि अब हम मिलकर देश बदलेंगे.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक साल पहले भाजपा की दिल्ली में सरकार बनी. इस एक साल में भाजपा की दिल्ली सरकार के भुक्तभोगी हजारों लोग हैं. मौजूदा दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता ने 11 नवंबर 2024 को ट्वीट किया था कि मैं सभी बस मार्शलों को आश्वस्त करता हूं कि भाजपा की सरकार बनते ही 60 दिनों के अंदर बस मार्शलों का नियमित कर दिया जाएगा. लेकिन एक साल हो गए, एक भी बस मार्शल नियमित नहीं हुए. प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, भाजपा, बिजेंद्र गुप्ता धोखेबाज हैं. प्रधानमंत्री खुद दिल्ली में कह कर गए थे कि 8 मार्च 2025 से दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपए आएंगे, लेकिन नहीं आए. अगर देश का प्रधानमंत्री ही झूठा हो, तो देश की तरक्की कैसे हो सकती है. फिर देश के लोग किसके पास जाएंगे. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 हजार बस मार्शल निकाल दिए. हजारों डीटीसी चालकों, कंडक्टरों को निकाल दिए. मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों को निकाल दिए. डिम्स के कर्मचारियों को भी निकाल दिए. अस्पताल में काम करने वाले डेटा इंट्री ऑपरेटर भी निकाल दिए. इतनी महंगाई में बड़ी मुश्किल से नौकरी मिलती है. अगर नौकरी दे सको तो दे दो, लेकिन किसी की नौकरी न छीनो. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से पूरी दिल्ली दुखी है. सारी सड़कें टूटी पड़ी हैं. चारों तरफ गंदगी है. लोगों के घर में काला पानी आ रहा है. ‘‘आप'' की सरकार में दिल्ली को 24 घंटे बिजली मिलती थी. अब लंबे-लंबे पावर कट लग रहे हैं. पूरी दिल्ली बर्बाद हो गई है. आज दिल्लीवाले याद कर रहे हैं कि इनसे अच्छा तो केजरीवाल ही था. आज दिल्ली में चुनाव करा लो, भाजपा की 10 भी सीट नहीं आएगी. 


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com