गुजरात के सूरत में इच्छापोर पुलिस थाना क्षेत्र के भाठा गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक जोड़े के बीच का घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया. पिछले आठ वर्षों से साथ रह रहे राजरतन उर्फ राजूभाई जोगेशभाई यादव और मनीषाबेन के बीच आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा होता रहता था. इस रोज-रोज के विवाद का अंत 23 जून 2026 की शाम राजू की मौत के साथ हुआ.
पुलिस के अनुसार, रोजाना होने वाली मारपीट और जान से मारने की धमकियों से तंग आकर महिला ने चाकू से उस पर हमला कर दिया था. शुरुआत में इस मामले को सामान्य या आकस्मिक मौत माना जा रहा था, लेकिन फॉरेंसिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद यह पूरा मामला हत्या का निकला. इच्छापोर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक राजूभाई के पास कोई स्थायी रोजगार नहीं था. वह कभी दिहाड़ी मजदूरी, कभी खेतों में काम, तो कभी आसपास के छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा करता था. आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को बताया कि राजू और मनीषा के बीच किसी न किसी बात को लेकर अक्सर मारपीट होती थी.
23 जून की शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि राजू ने मनीषा के साथ गाली-गलौज की, उसे जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने लगा. खुद को बचाने के लिए मनीषा झोपड़ी के पीछे बने बर्तन धोने वाले हिस्से की ओर भागी, लेकिन राजू वहां भी उसका पीछा करते हुए पहुंच गया. इसी दौरान बर्तनों के बीच रखा आलू छीलने वाला चाकू मनीषा के हाथ लग गया. अपने बचाव और गुस्से में उसने उसी चाकू से राजू पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण राजू लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा.
हत्या की पूरी कहानी परत-दर-परत सामने आ गई
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी. घायल राजू को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही इच्छापोर पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती चरण में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की, साथ ही शव का फॉरेंसिक पोस्टमार्टम भी कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संदिग्ध परिस्थितियां सामने आने के बाद पुलिस ने जब जांच तेज की, तो हत्या की पूरी कहानी परत-दर-परत सामने आ गई.
राजू अक्सर मनीषा के साथ मारपीट करता
एसीपी श्वेता डेनियल ने बताया कि जांच में पता चला है कि राजू और मनीषा पिछले आठ साल से साथ रह रहे थे और उनके बीच लगभग रोज ही किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता था. राजू अक्सर मनीषा के साथ मारपीट करता था. 23 जून की शाम को भी उसने मारपीट करते हुए महिला का पीछा किया था, जिसके बाद मनीषा ने अपने बचाव में वहां रखा आलू छीलने वाला चाकू उठाकर उस पर वार कर दिया. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इसके बाद आकस्मिक मौत (एडी) के मामले को हत्या की धारा में बदलते हुए एफआईआर दर्ज की गई. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब इच्छापोर पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- 'पापा मैं जंग हार गई...' लिख AAP नेता नंदिनी ने दी जान, बहन से बोली-लिव-इन पार्टनर असलम ने निकलवा दी बच्चादानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं