जयदीप लखानी: गुजरात में हार्ट अटैक से होने वाली मौतों के मामले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में देवभूमि द्वारका जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. खंभालिया तालुका के सलाया गांव में एक युवक की चलती बाइक पर ही हार्ट अटैक से मौत हो गई. दो अप्रैल की दोपहर की यह पूरी घटना रास्ते में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम अब्दुल आमद संघार था. वह रोजमर्रा की तरह अपनी बाइक से कहीं जा रहा था. बाइक के पीछे कोई दूसरा शख्स बैठा था, जो रास्ते में उतर गया. उसे उतारने के लिए बाइक रोकी थी. वापस जाने लगा तो इसी दौरान अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा. बताया जा रहा है कि दर्द इतना तीव्र था कि युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा.
वीडियो लिंंक
उपचार मिलने से पहले मौत
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को उठाने की कोशिश की. स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी भी की, लेकिन हालत इतनी गंभीर थी कि चिकित्सा सहायता मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी. इस अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
विशेषज्ञों का कहना है कि बदलती जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही के कारण युवाओं में भी हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी देती है कि हल्के से सीने के दर्द को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय पर इलाज ही जान बचा सकता है.
ये भी पढ़ें- गले के आर- पार हुआ 11 इंच लंबा सरिया, डाक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर सफलतापूर्वक निकाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं