गुजरात में अब बारिश का दौर शुरू हो गया है और कई दिनों से बारिश चालू है, जिससे कई जगह जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है. जूनागढ़ जिले में भी झमाझम बारिश हो रही है, जहां बारिश के चलते एक परेशानी भी बढ़ गई. जिले के मांगरोल क्षेत्र में पानी के प्रचंड बहाव के कारण हुसैनाबाद के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 40 फीट का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह बह गया, जिससे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है. दूसरी ओर भारी बारिश का असर अब सूरत में भी साफ दिखाई देने लगा है. ऊपरी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण ताप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है.
सूरत में बारिश के चलते रांदेर और सिंगणपोर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण वियर-कम-कॉजवे पानी में डूब गया है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग को फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया है. वियर-कम-कॉजवे सूरत शहर के सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में से एक है. करीब 450 से 500 मीटर लंबा यह कॉजवे सामान्य दिनों में रांदेर, सिंगणपोर और वेडरोड क्षेत्र के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता माना जाता है. लेकिन ताप्ती नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण अब इस मार्ग पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं है.

बारिश से बहा नेशनल हाईवे को ठीक करने का चल रहा काम.
जूनागढ़ में बहा नेशनल हाईवे
गुजरात के जूनागढ़ जिले के मांगरोल क्षेत्र महज चार घंटे के भीतर 21 इंच रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई. इस मूसलाधार बारिश ने मांगरोल के साथ-साथ माळियाहाटीना, केशोद और मेंदरडा तालुकों को पूरी तरह जलमग्न कर दिया है. हाईवे टूटने के कारण मांगरोल-सोमनाथ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है. मांगरोल से सोमनाथ, जूनागढ़, पोरबंदर और द्वारका को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर कमर तक पानी भर जाने से संपर्क पूरी तरह टूट गया.
बारिश थमे 14 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी मांगरोल-केशोद मार्ग पर कई जगहों पर घुटनों तक पानी जमा है। इस वजह से पिछले 24 घंटों से यात्री और स्थानीय लोग रास्ते में फंसे हुए हैं.
आज सुबह शुरू हुई थोड़ी आवाजाही
पानी का स्तर थोड़ा कम होने के बाद शनिवार सुबह कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बेहद धीमी गति से शुरू जरूर हुई है, लेकिन सोमनाथ, पोरबंदर और द्वारका जाने वाले मुख्य मार्ग अब भी पूरी तरह बंद हैं. पिछले 24 घंटों से यातायात ठप होने के कारण प्रशासन के सामने फंसे हुए लोगों तक राहत पहुंचाने की बड़ी चुनौती है. इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस प्रभावित क्षेत्र में अभी और भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
ये भी पढ़ें- गुजरात: कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील गामित का हार्ट अटैक से निधन, अमित चावड़ा ने जताया शोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं