विज्ञापन

दर्द की दवा में दर्द मिटाने वाला तत्व ही नहीं! पुणे की कंपनी का लाइसेंस रद्द, 1.72 करोड़ की दवाएं जब्त

(FDA) ने पुणे की इंडुकेयर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन के दवा निर्माण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं. जांच में सामने आया कि कंपनी बिना जरूरी प्रोडक्ट अनुमति के 9 दवाओं का निर्माण और बिक्री कर रही थी.

दर्द की दवा में दर्द मिटाने वाला तत्व ही नहीं! पुणे की कंपनी का लाइसेंस रद्द, 1.72 करोड़ की दवाएं जब्त
प्रतीकात्मक तस्वीर

महाराष्ट्र खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के जेजुरी एमआईडीसी स्थित इंडुकेयर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन के दवा निर्माण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं. कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई नकली, घटिया और बिना अनुमति के दवाओं के निर्माण और बिक्री के आरोपों के बाद की गई है. FDA ने 23 नवंबर 2026 को कंपनी के फॉर्म-25 और फॉर्म-28 लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी किया.

जांच में सामने आया कि कंपनी ने आवश्यक प्रोडक्ट परमिशन लिए बिना 9 तरह की दवाओं का निर्माण और बिक्री की थी, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 का सीधा उल्लंघन है. सरकारी विश्लेषकों की रिपोर्ट में इन सभी दवाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं, मिसब्रांडेड या नकली पाया गया.

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कंपनी की दो दवाएं इबुकेयर प्लस और केयरविटा-एम में लेबल पर लिखे गए सक्रिय तत्व (Active Ingredients) मौजूद ही नहीं थे. इबुकेयर प्लस में दर्द निवारक तत्व आइबुप्रोफेन नहीं मिला, जबकि केयरविटा-एम में बताए गए विटामिन और मिनरल पूरी तरह गायब पाए गए.

FDA ने 4 नवंबर 2026 को पिंपरी-चिंचवड़ के YCM अस्पताल के केंद्रीय दवा भंडार से कंपनी द्वारा आपूर्ति की गई करीब 1.72 करोड़ रुपये मूल्य की घटिया दवाएं भी जब्त की थीं. जब्त दवाओं में हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, मधुमेह और पाचन संबंधी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं शामिल थीं.

इससे पहले जुलाई 2026 में हुई संयुक्त जांच के दौरान कंपनी में गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (GMP) से जुड़ी 25 गंभीर खामियां पाई गई थीं. जांच में बिना बैच रिकॉर्ड के बनी लाखों टैबलेट, प्रयोगशाला उपकरणों का कैलिब्रेशन न होना, स्टोर में गंदगी और दवाओं पर गलत लेबल जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं.

FDA आयुक्त तुकाराम मुंधे ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले दवा निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी और नियामकीय कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें : दीपक जला लेकिन कहीं और... तमिलनाडु में क्या है 'दीपम विवाद', जिसे लेकर गरमाई सियासत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra FDA Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com