विज्ञापन

गुजरात: SBI में लूट का VIDEO, हथियार लेकर बैंक में घूसे 5-6 बदमाश,  50 लाख रुपए समेटकर फरार

गुजरात के सूरत में दिनदहाड़े SBI बैंक लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. वराछा इलाके में हथियार लेकर 5‑6 बदमाश बैंक में घुसे और कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. CCTV और घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है.

गुजरात: SBI में लूट का VIDEO, हथियार लेकर बैंक में घूसे 5-6 बदमाश,  50 लाख रुपए समेटकर फरार

Surat SBI Bank Robbery Video: गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. वराछा इलाके के लंबे हनुमान रोड स्थित SBI बैंक में 5 से 6 बदमाश हथियार लेकर घुस आए और कुछ ही मिनटों में करीब 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. इस घटना का वीडियो और CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है.

बैंक में घुसते ही मचाया आतंक

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे जब बैंक में रोजमर्रा का कामकाज चल रहा था और ग्राहक लेन‑देन में व्यस्त थे, तभी हथियारबंद बदमाश अचानक बैंक के अंदर घुस आए. उन्होंने अंदर घुसते ही कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी और पूरे बैंक में डर का माहौल बना दिया.

लुटेरों ने बैंक कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर एक तरफ कर दिया और उन्हें बंधक बना लिया. किसी को भी विरोध करने या आवाज उठाने का मौका नहीं मिला. बदमाशों ने सबसे पहले कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए, ताकि पुलिस या बाहर किसी को तुरंत सूचना न दी जा सके.

कैश काउंटर और तिजोरी से ₹50 लाख लूटे

इसके बाद बदमाश सीधे कैश काउंटर और तिजोरी की ओर बढ़े और वहां से करीब 50 लाख रुपये समेट लिए. पूरी वारदात इतनी तेजी से की गई कि कुछ ही मिनटों में लूट पूरी कर बदमाश मौके से फरार हो गए.

बैंक में लगे CCTV कैमरों में लूट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे बदमाश बैंक में दाखिल हुए, कर्मचारियों को काबू में लिया और बिना घबराए लूट को अंजाम देकर बाहर निकल गए. पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि बदमाशों ने इस लूट से पहले बैंक की विधिवत रेकी की थी. उनकी हरकतें और वारदात को अंजाम देने का तरीका पूरी प्लानिंग की ओर इशारा करता है. घटना की सूचना मिलते ही सूरत पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीमें और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया और एंट्री‑एग्जिट प्वाइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से भी जांच की जा रही है.

डीसीपी ने किया जल्द गिरफ्तारी का दावा

सूरत पुलिस के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि इस लूट में 5 से 6 आरोपी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज में कुछ चेहरे साफ नजर आ रहे हैं और उनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

कैश लाने वाली CMS वैन के कर्मचारी शिवपूजन सिंह ने बताया कि उन्हें लूट की वारदात की उस वक्त जानकारी नहीं हुई, क्योंकि घटना पूरी तरह बैंक के अंदर हुई थी. उन्हें बाद में बताया गया कि बदमाश लूटकर फरार हो गए हैं.

बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस तरह बिना किसी डर के बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया, उसने सुरक्षा तंत्र की कमजोरियों को उजागर कर दिया है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और सभी की नजरें आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com