विज्ञापन

एमपी में 15 मिनट में 15 करोड़ की डकैती! हथियार लेकर बैंक में घुसे 5 बदमाश, मैनेजर को पीटा, फायरिंग भी की

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में बैंक डकैती से हड़कंप मच गया. बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच नकाबपोश बदमाशों ने महज 15 मिनट में 15 करोड़ का सामान लूट लिए. बदमाशों ने मैनेजर से मारपीट की और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई.

एमपी में 15 मिनट में 15 करोड़ की डकैती! हथियार लेकर बैंक में घुसे 5 बदमाश, मैनेजर को पीटा, फायरिंग भी की
  • सिंगरौली जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दिनदहाड़े 5 नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया.
  • बदमाशों ने बैंक मैनेजर को बेरहमी से पीटा और हवाई फायरिंग कर बैंक के अंदर और बाहर दहशत फैलायी.
  • करीब 15 से 20 मिनट तक लुटेरों ने बैंक में तांडव मचाया और लगभग 20 लाख रुपये नगद और 10 किलो सोने की लूट की.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Madhya Pradesh Bank Robbery: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज बैंक डकैती ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. शुक्रवार दोपहर बैढ़न इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए और महज 15–20 मिनट में करोड़ों रुपये की लूट कर फरार हो गए. बदमाशों ने न सिर्फ बैंक में मौजूद लोगों को बंधक बनाया, बल्कि विरोध करने पर बैंक मैनेजर को बेरहमी से पीटा और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. यह वारदात किसी फिल्मी सीन जैसी थी, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दिनदहाड़े बैंक में घुसे 5 बदमाश

यह वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे की है, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दो नकाबपोश बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए और कुछ ही सेकंड में उनके तीन और साथी हथियार लहराते हुए भीतर आ गए. अचानक हुई इस घटना से बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी घबरा गए और कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने सभी को गन पॉइंट पर ले लिया.

मैनेजर से मारपीट, हवाई फायरिंग से दहशत

जब बैंक मैनेजर ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बंदूक की बट से मैनेजर के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए. बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने डर का माहौल बनाने के लिए बैंक के अंदर और बाहर हवाई फायरिंग भी की.

15 करोड़ के माल की लूट

लुटेरे बैंक को पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर करीब 15 से 20 मिनट तक तांडव मचाते रहे. इस दौरान उन्होंने बैंक में रखा करीब 20 लाख रुपये नकद और 10 किलो सोने का आभूषण समेट लिया. पुलिस के अनुसार, इसमें बैंक में पहले से रखा लगभग 14.50 लाख रुपये और दिन का नया कैश कलेक्शन शामिल है. वारदात के बाद बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए.

Latest and Breaking News on NDTV

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी.  

प्रत्यक्षदर्शी की दहला देने वाली आपबीती

वारदात के चश्मदीद आशीष पांडे ने बताया कि बदमाशों ने पिस्टल तानकर सभी ग्राहकों और कर्मचारियों को एक कोने में खड़ा कर दिया था. उन्होंने करीब 15 मिनट तक बैंक के भीतर जमकर उत्पात मचाया. पुलिस जांच में सामने आया है कि एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि बाकी चार के चेहरे खुले हुए थे, जिससे उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है.

पुलिस मौके पर, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बैंक परिसर का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए. साथ ही बैंक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसपी खत्री ने बताया कि बदमाश बाइक से फरार हुए हैं और लूटी गई राशि का सटीक आकलन किया जा रहा है. जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस डकैती ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. बैंक में मौजूद लोग इस कदर सहम गए थे कि घटना के काफी देर बाद तक सदमे से बाहर नहीं आ सके. पुलिस अब आसपास के रास्तों और शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाश किस दिशा में फरार हुए. शहर में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- 

बुजुर्ग के दोनों कान फाड़कर गोल्ड इयररिंग्स लूटकर भागे बाइक सवार लुटेरे, सड़क पर छटपटाती रह गई लहूलुहान महिला

11 तोले सोने के कड़े के लिए महिला मित्र ने रची लूट की साजिश, डॉक्टर बोले- आलिया खुद को बताती थी सचिव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com