विज्ञापन

दूल्हे को लड़खाता देख दुल्हन ने तोड़ी शादी... बनाया बंधक, खर्च वसूली की बात आई तो भाग गए बाराती

Bihar News: जहानाबाद में कल ( रविवार) रात एक शादी समारोह कुश्ती के अखाड़े में बदल गया, जब नशे में धुत दूल्हे को देखकर दुल्हन आग बबूला हो गई और गुस्से में आकर शादी तोड़ दी.

दूल्हे को लड़खाता देख दुल्हन ने तोड़ी शादी... बनाया बंधक, खर्च वसूली की बात आई तो भाग गए बाराती
लड़की पक्ष ने दूल्हे को बनाया बंधक
NDTV

Drunken Groom-Bride Calls Off Wedding: बिहार के जहानाबाद में कल (रविवार) रात एक शादी समारोह कुश्ती के अखाड़े में बदल गया जब नशे में धुत दूल्हे ने वरमाला से पहले अपना आपा खो दिया. पटना के पुनाईचक से आए दूल्हे छोटू कुमार उर्फ ​​रंजन की हरकतों ने न सिर्फ दुल्हन के परिवार को शर्मिंदा किया, बल्कि दुल्हन नेहा कुमारी के हिम्मत वाले फैसले ने पूरी बारात को खाली हाथ लौटने पर मजबूर कर दिया.

दूल्हे के लड़खड़ाते कदमों को देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार

मामला ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा-मठ गांव का है.जहां नागेंद्र राम की बेटी नेहा कुमारी की शादी बड़े धूमधाम से पटना के छोटू राम से तय हुई थी.भव्य पंडाल, लजीज पकवान और ढोल-नगाड़ों के साथ बारात का स्वागत भी हुआ. शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हुई लेकिन जैसे ही द्वार पूजा के समय दूल्हे छोटू कुमार उर्फ रंजन को लड़खड़ाते और नशे की हालत में अजीब हरकतें करते देखा तो दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए  शादी से इनकार कर दिया.

लड़की पक्ष ने दूल्हे को बनाया बंधक

 दुल्हन के इस फैसले के बाद बारातियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. दोनों पक्षों के बीच विवाद देखते ही देखते बढ़ गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई. जिसके जवाब में गुस्साए लड़की पक्ष ने दूल्हे को बंधक बना लिया. दुल्हन पक्ष का कहना है कि शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च हुए हैं, और बिना हर्जाना दिए दूल्हे को नहीं छोड़ा जाएगा.

पुलिस के आने बाद दुल्हे को छोड़ा

 विवाद इतना बढ़ गया कि अधिकांश बाराती रात के अंधेरे में मौका पाकर भाग निकले. ​सुबह होते ही मामले की सूचना ओकरी थाना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के चंगुल से दूल्हे को मुक्त कराया और उसे अपने साथ थाने ले गई.

खर्चे की भरपाई के लिए दूल्हा को बनाया था बंधक

 लड़की पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूल्हा द्वार पूजा के समय भी शराब पीते देखा गया जिसके बाद लड़की के भाई ने इसकी जानकारी दुल्हन को दी. इसके बाद ही उसने शादी करने से इंकार कर दिया. और शादी की तैयारियों में हुए खर्चे की भरपाई को लेकर लड़की पक्ष ने दूल्हा को बंधक बना लिया. देर रात तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामा भी होता रहा. पूरी रात गांव में तनाव का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे. 

 परिवार ने आरोपों को सिरे से किया खारिज

वही नशे की बात को लेकर बंधक बने दूल्हे ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह पटना से बारात लेकर देवरा-मठ गांव आया था जहां द्वारपूजा के दौरान सिगरेट पीते हुए गाड़ी से उतरे थे. इस दौरान वह थोड़ा लड़खड़ा गए थे. दूल्हे ने कहा कि उसने कोई नशा नहीं किया था, बल्कि पटना के डाकबंगला के पास ठंडई पी थी. हालांकि, दुल्हन और उसके परिवार ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. 

बारात बिना शादी के ही बैरंग वापस लौटी

फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दोनों पक्षों के बीच खर्चों की भरपाई को लेकर बातचीत जारी है.वहीं, दुल्हन ने अपने निर्णय पर कायम रहते हुए शादी से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुल्हन के फैसले के बाद बारात बिना शादी के ही बैरंग वापस लौट गई.
यह भी पढ़ें: Bihar: प्रेमी के लिए पत्नी ने पति को खाने में दी नींद की गोलियां, फिर गला दबाकर उतारा मौत के घाट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com