अर्जेंटीना के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मिली 2-1 की हार के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर बात की. उन्होंने माना कि जीत के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद उनकी टीम गोल करने के बाद अपना खेल बरकरार नहीं रख सकी और यही हार की सबसे बड़ी वजह बनी. इंग्लैंड ने 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी. उस समय टीम फाइनल की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी, लेकिन इसके बाद अर्जेंटीना ने लगातार दबाव बनाया और इंग्लैंड धीरे-धीरे रक्षात्मक होता चला गया.
ट्यूशेल ने कहा कि उनकी टीम गेंद पर नियंत्रण नहीं रख सकी और विरोधी को लगातार हमले करने का मौका मिलता रहा. उन्होंने कहा, "हम जीत के बहुत करीब थे, लेकिन गोल करने के बाद हम काफी सुस्त पड़ गए. हम गेंद अपने पास नहीं रख पाए और अर्जेंटीना को लगातार क्रॉस, मौके और शॉट लेने का अवसर मिल गया. यही मैच का टर्निंग पॉइंट था."

Photo Credit: IANS
अर्जेंटीना के हमलों ने बढ़ाई मुश्किल
कोच ने बताया कि अर्जेंटीना लगातार क्रॉस के जरिए हमला कर रहा था और उनकी टीम हवाई मुकाबलों में भी बेहतर साबित हुई. इसी वजह से इंग्लैंड को डिफेंस मजबूत करने के लिए पांच डिफेंडरों वाली रणनीति अपनानी पड़ी. ट्यूशेल के मुताबिक, "वो लगातार हेडर जीत रहे थे और बॉक्स में गेंद भेज रहे थे. हमें अंदर की जगह बंद करने और डिफेंस मजबूत करने के लिए बैक फाइव खेलना पड़ा."

Photo Credit: IANS
फॉर्मेशन नहीं, खिलाड़ियों का रिएक्शन रही समस्या
ट्यूशेल ने साफ किया कि हार की वजह टीम की रणनीति नहीं थी. उनका मानना है कि असली समस्या यह रही कि खिलाड़ी गोल करने के बाद मैच की रफ्तार को अपने पक्ष में नहीं रख पाए. उन्होंने कहा, "हमने कोई बदलाव करने से पहले ही मैच पर पकड़ खो दी थी. हम दूसरी गेंदें नहीं जीत पाए, बॉल पजेशन भी हमारे पास नहीं रहा. मुझे नहीं लगता कि यह फॉर्मेशन की समस्या थी. मैच का मोमेंटम पूरी तरह बदल गया था."
आखिरी पांच मिनट में पलट गया पूरा मुकाबला
इंग्लैंड 85वें मिनट तक 1-0 से आगे था, लेकिन इसके बाद लियोनेल मेसी के शानदार पास पर एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल दाग दिया. स्टॉपेज टाइम में मेसी ने एक और शानदार क्रॉस दिया, जिस पर लौटारो मार्टिनेज ने हेडर से विजयी गोल कर अर्जेंटीना को 2-1 की यादगार जीत दिला दी.
अब तीसरे स्थान के लिए खेलेगा इंग्लैंड
इस हार के साथ इंग्लैंड का 1966 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया. अब 'थ्री लायंस' तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस का सामना करेंगे. वहीं, अर्जेंटीना 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं