Sreesanth vs Harbhajan Singh Slapgate Row: आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा और चर्चित "स्लैपगेट" विवाद एक बार फिर पूरी तरह गरमा गया है. साल 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के मैच के बाद हरभजन सिंह द्वारा एस श्रीसंत को मारे गए थप्पड़ की गूंज आज 18 साल बाद भी शांत नहीं हुई है. 'द लल्लनटॉप' पर इंटरव्यू के दौरान पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने इस पूरे मसले को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग के अंदर आकर आमने-सामने की फाइट करने की खुली चुनौती दे डाली है.
शो के दौरान तस्वीर देखकर भड़के श्रीसंत
दरअसल, 'लल्लनटॉप' शो के दौरान जब स्क्रीन पर श्रीसंत और हरभजन सिंह की बॉक्सिंग ग्लव्स पहने हुए एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई और उस पर श्रीसंत से जवाब मांगा गया तो उन्होंने बिना समय गंवाए सीधे ऑन-कैमरा चैलेंज दे डाला. श्रीसंत ने कहा कि वो इस पुराने मसले को हमेशा के लिए सुलझाने के लिए बॉक्सिंग रिंग के अंदर उतरकर हरभजन सिंह के साथ फाइट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. श्रीसंत के इस बेबाक बयान ने सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक में खलबली मचा दी है.
शो में हरभजन सिंह की बॉक्सिंग वाली तस्वीर देखकर नाराज हुए श्रीसंत ने कहा "क्या आप में हिम्मत है? क्या मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? क्या आप साइन करके आ सकते हो? मैं उनसे पूछ रहा हूं. क्या आपको मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? यही दस्ताने पहनकर. यह एक्टिंग नहीं है, मैं मुस्कुरा रहा हूं. आप मुस्कुरा भी नहीं रहे हो, पता नहीं आप क्या कर रहे हो. देखते हैं. यह एक खुली चुनौती है," श्रीसंत ने कहा.
श्रीसंत यहीं नहीं रुके. श्रीसंत ने अपनी चुनौती को और मजबूत करते हुए हरभजन से कहा कि वो विज्ञापनों या सार्वजनिक तंज के बजाय असल मुकाबले में अपने मतभेद सुलझाएं. उन्होंने इसे आत्म-सम्मान का मामला बताया और कहा कि वो रिंग में हरभजन का सामना करने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "भज्जी पा, मैं आपको चुनौती देता हूं. अगर थप्पड़ वाली घटना और मुझसे इतनी ही दिक्कत है और आप इतना कमाते हो. तो मुझे भी कमाने दो. रिंग में आओ. मैं आपको दिल से बुला रहा हूं. अगर हममें थोड़ा भी आत्म-सम्मान है, तो चलिए विज्ञापन वगैरह न करें. असल तरीके से, सभी मलयालियों और सभी सरदारों के लिए, प्लीज आओ. मैं इंतजार कर रहा हूं".
₹1 करोड़ कमाने वाले विज्ञापन से बिगड़ा रिश्ता
इंटरव्यू के दौरान यह बात भी सामने आई कि पिछले कुछ सालों में दोनों खिलाड़ी इस विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुके थे. दोनों ने साथ में विज्ञापन किए, लेकिन हाल ही में हरभजन सिंह के एक नए विज्ञापन ने इस दोस्ती में खटास ला दी. श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने उस विज्ञापन में सीधे तौर पर नाम लिए बिना उसी थप्पड़ कांड का मजाक उड़ाया है और उनके जीवन के एक अपमानजनक पल का इस्तेमाल करके लगभग ₹1 करोड़ का मुनाफा कमाया है.
हरभजन से संबंध पूरी तरह खत्म
श्रीसंत ने साफ किया कि इस हरकत के बाद उनका दिल बुरी तरह टूट गया है और उन्होंने हरभजन सिंह से अपने सारे रिश्ते पूरी तरह खत्म कर लिए हैं. श्रीसंत ने पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स से ब्लॉक कर दिया है. श्रीसंत का मानना है कि किसी के जीवन की सबसे दर्दनाक घटना का कमर्शियल इस्तेमाल करके पैसे कमाना बिल्कुल गलत है और यही वजह है कि अब वो इस दुश्मनी को रिंग के अंदर फाइट करके ही निपटाना चाहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं