फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस और इंग्लैंड के बीच शनिवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) फ्लोरिडा के मियामी स्टेडियम में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेला जाएगा. सेमीफाइनल में हारने के बाद, यूरोप की ये दोनों दिग्गज टीमें टूर्नामेंट का समापन सकारात्मक तरीके से करना चाहेंगी. एक तरफ, लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने की फ्रांस की उम्मीदों पर स्पेनिश टीम ने पानी फेरा. तो दूसरी ओर मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ आखिरी समय में गोल खाने के बाद इंग्लैंड को दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, सम्मान, मोमेंटम और पोडियम फिनिश अभी भी दांव पर है.
यह मुकाबला फ्रांस के मैनेजर डिडिएर डेसचैम्प्स के लिए भी खास महत्व रखता है, जो 14 साल के शानदार कार्यकाल के बाद 187वीं और आखिरी बार 'लेस ब्लूज' (फ्रांसीसी टीम) की जिम्मेदारी संभालेंगे. वर्ल्ड कप जीतने वाले पूर्व कप्तान फ्रांसीसी फुटबॉल में सबसे सफल मैनेजर में से एक के तौर पर विदा लेंगे.
हालांकि, इतिहास इंग्लैंड के पक्ष में रहा है, जिसने दोनों देशों के बीच पिछले 32 मुकाबलों में से 17 जीते हैं, जबकि 5 मैच ड्रॉ रहे हैं. हालांकि, वर्ल्ड कप में उनके सबसे हालिया मुकाबले में फ्रांस ने बाजी मारी थी. इस टीम ने 2022 संस्करण के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया था, जिसमें हैरी केन ने आखिरी समय में एक अहम पेनाल्टी मिस कर दी थी.
फ्रांस बेहतर निरंतरता के साथ इस मुकाबले में उतरेगा. टीम एक बार फिर किलियन एम्बाप्पे के शानदार अटैकिंग खेल पर भरोसा कर सकती है, जो लगातार दूसरे वर्ल्ड कप गोल्डन बूट की दौड़ में बने हुए हैं. वहीं, हैरी केन और जूड बेलिंगहैम की अगुवाई वाली इंग्लैंड टीम में किसी भी प्रतिद्वंद्वी को परेशान करने की क्षमता है, लेकिन डेसचैम्प्स को जीत के साथ विदाई देने से फ्रांस को रोकने के लिए उन्हें और बेहतर ऑल-राउंड खेल दिखाना होगा.
कितने बजे शुरू होगा, कहां देख पाएंगे लाइव
यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शानिवार देर रात 2:30 बजे शुरू होगा. भारत में फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 प्लेटफॉर्म और ऐप पर उपलब्ध होगी. वहीं, टूर्नामेंट का लाइव टेलिकास्ट भारत में यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी टीवी चैनल प्रसारित किए जाएंगे.
फ्रांस की टीम:
गोलकीपर: माइक मैगनन, रॉबिन रिसेर, ब्राइस सांबा.
डिफेंडर: लुकास डिग्ने, मालो गुस्टो, लुकास हर्नांडेज, थियो हर्नांडेज, इब्राहिमा कोनाटे, जूल्स कौंडे, मैक्सेंस लैक्रोइक्स, विलियम सालिबा, डायोट उपामेकानो.
मिडफील्डर: एन'गोलो कांटे, मनु कोने, एड्रियन रैबियोट, ऑरेलियन चौमेनी, वॉरेन जायर-एमरी.
फॉरवर्ड: मैग्नेस अकलिओचे, ब्रैडली बारकोला, रेयान चेर्की, ओस्मान डेम्बेले, डेसिरे डौए, जीन-फिलिप माटेटा, किलियन एम्बाप्पे, माइकल ओलिस, मार्कस थुरम.
इंग्लैंड की टीम:
गोलकीपर: जॉर्डन पिकफोर्ड, डीन हेंडरसन, जेम्स ट्रैफर्ड.
डिफेंडर: एजरी कोंसा, निको ओ'रेली, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, टिनो लिव्रामेंटो, डैन बर्न, रीस जेम्स, जेड स्पेंस, जारेल क्वानसाह.
मिडफील्डर: डेक्लान राइस, इलियट एंडरसन, जूड बेलिंगहैम, जॉर्डन हेंडरसन, कोबी मेनू, मॉर्गन रोजर्स, एबेरेची एजे.
फॉरवर्ड: बुकायो साका, हैरी केन, मार्कस रैशफोर्ड, एंथनी गॉर्डन, ओली वॉटकिंस, नोनी माडुके, इवान टोनी.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Final: रोल्स-रॉयस में आया लामिन यमाल का नाई, फाइनल से पहले बदला सुपरस्टार का लुक
यह भी पढ़ें: Spain vs Argentina: फाइनल से पहले पिच पर बवाल, बारिश से बदलेगी स्थिति, जानें इससे जुड़ा सब कुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं