FIFA World Cup 2026, FIFA to Probe Argentina Players: फुटबॉल की वैश्विक संस्था FIFA ने अर्जेंटीना के खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए एक विवादित बैनर की जांच शुरू कर दी है. यह बैनर अटलांटा में इंग्लैंड के खिलाफ FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जीत के बाद दिखाया गया था और इसमें विवादित फाकलैंड आइलैंड्स का ज़िक्र था, जिसे लेकर कुछ दशक पहले दोनों देशों के बीच युद्ध हुआ था. अंग्रेजी मीडिया की खबरों के मुताबिक, फाकलैंड आइलैंड्स सरकार द्वारा अर्जेंटीना टीम के सदस्यों के इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद दिखाए गए बैनर को 'संवेदनहीन' बताए जाने के बाद FIFA ने यह जांच शुरू की.
मैच खत्म होने की सीटी बजने के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के एक समूह ने ज़बरदस्त जश्न मनाते हुए एक बैनर दिखाया, जिस पर लिखा था: "Las Malvinas son Argentinas (फाकलैंड अर्जेंटीना का है)."
यह दूसरी बार है जब अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने चल रहे वर्ल्ड कप के दौरान यह विवादित मुद्दा उठाया है. कुछ दिन पहले, राउंड ऑफ़ 16 में मिस्र पर 3-2 से जीत के बाद उन्होंने फाकलैंड का ज़िक्र करते हुए एक नारा लगाया था.
'मिरर' अखबार की एक रिपोर्ट में कहा गया है, "इस बैनर पर UK की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है. कई लोगों का मानना है कि यह 1982 में फाकलैंड युद्ध के दौरान मारे गए 255 ब्रिटिश सैनिकों का अपमान था." गुरुवार सुबह UK सरकार की ओर से जारी एक बयान में फिर से कहा गया: "वर्ल्ड कप भले ही हमारा न हो, लेकिन फाकलैंड आइलैंड्स निश्चित रूप से हमारे हैं."
लिबरल डेमोक्रेट्स के नेता एड डेवी ने तो यहां तक मांग की कि बैनर के साथ जश्न मनाने वाले खिलाड़ियों को स्पेन के खिलाफ रविवार को होने वाले फाइनल मैच से 'बाहर' कर दिया जाए.
'मिरर' की रिपोर्ट के मुताबिक, फाकलैंड आइलैंड्स सरकार ने फुटबॉल की वैश्विक संस्था को पत्र भी लिखा है. इस विवाद पर FIFA ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमेशा की तरह, FIFA की स्वतंत्र अनुशासनात्मक समिति (Disciplinary Committee) अभी मैच की रिपोर्ट का आकलन कर रही है और आगे की संभावित कार्रवाई पर फैसला लेने से पहले संबंधित परिस्थितियों पर विचार कर रही है."
1982 में यूनाइटेड किंगडम और अर्जेंटीना के बीच विवादित फाकलैंड आइलैंड्स को लेकर दस हफ़्ते तक संघर्ष चला था. फाकलैंड आइलैंड्स दक्षिण अटलांटिक में स्थित दो ब्रिटिश विदेशी क्षेत्र हैं, जिन पर अर्जेंटीना अपना दावा करता है. यह युद्ध तब शुरू हुआ जब अर्जेंटीना ने फ़ॉकलैंड द्वीप समूह पर हमला किया और 74 दिनों के बाद तब खत्म हुआ जब दक्षिण अमेरिकी देश ने आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया और द्वीपों को ब्रिटिश नियंत्रण में वापस सौंप दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं