विज्ञापन

32 साल बाद फर्स्ट हाफ में ऐतिहासिक हैट्रिक का रिकॉर्ड, डेम्बेले ने नॉकआउट में कराई फ्रांस की धमाकेदार एंट्री

फ्रांस के ओस्मान डेम्बेले नॉर्वे के खिलाफ पहले हाफ में ही हैट्रिक लगाकर 1994 के बाद वर्ल्ड कप में यह अनोखा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.

32 साल बाद फर्स्ट हाफ में ऐतिहासिक हैट्रिक का रिकॉर्ड, डेम्बेले ने नॉकआउट में कराई फ्रांस की धमाकेदार एंट्री
डेम्बेले ने मैच के 7वें, 20वें और 32वें मिनट में गोल किए
AFP

जिस मुकाबले को दुनिया किलियन एम्बाप्पे और एरलिंग हालांड के बीच गोल्डन बूट की जंग मान रही थी, वहां पूरी महफिल ओस्मान डेम्बेले लूट ले गए. फ्रांस के इस तेज-तर्रार विंगर ने नॉर्वे के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप मुकाबले में पहले हाफ के भीतर ही हैट्रिक दागकर 31 साल पुराना इतिहास दोहरा दिया.

डेम्बेले ने मैच के 7वें, 20वें और 32वें मिनट में गोल किए. इनमें से एक गोल एम्बाप्पे के शानदार असिस्ट पर आया. पहले हाफ की समाप्ति तक फ्रांस 3-1 की मजबूत बढ़त बना चुका था और नॉर्वे की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी.

वर्ल्ड कप के इतिहास में 1994 के बाद यह पहला मौका है जब किसी खिलाड़ी ने पहले 45 मिनट के भीतर हैट्रिक लगाई है. इससे पहले रूस के ओलेग सालेंको ने अमेरिका में खेले गए 1994 वर्ल्ड कप में कैमरून के खिलाफ पहले हाफ में तीन गोल किए थे. उस मैच में उन्होंने कुल पांच गोल दागे थे, जो आज भी वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड है.

इस मुकाबले को ग्रुप-आई में पहले स्थान की लड़ाई माना जा रहा था. हालांकि नॉर्वे के कोच स्टाले सोलबाकेन ने अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया, जिनमें स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालांड भी शामिल थे. क्योंकि नॉर्वे पहले ही नॉकआउट राउंड में जगह पक्की कर चुका था, इसलिए टीम ने खिलाड़ियों को अगले दौर के लिए तरोताजा रखने का फैसला किया.

डेम्बेले की इस विस्फोटक पारी ने उन्हें अब वर्ल्ड कप के गोल्डन बूट की रेस में भी मजबूती से शामिल कर दिया है. इस रेस में अब एम्बाप्पे, हालांड, विनीसियस जूनियर और लियोनेल मेसी जैसे बड़े नामों के साथ डेम्बेले भी बराबरी से चुनौती पेश कर रहे हैं.

अगर वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज़ हैट्रिक की बात करें, तो यह रिकॉर्ड 1982 में हंगरी के लास्लो किस के नाम है. उन्होंने स्पेन में खेले गए वर्ल्ड कप में अल साल्वाडोर के खिलाफ केवल 7 मिनट 42 सेकंड में हैट्रिक पूरी की थी. वहीं मैच की शुरुआत से सबसे तेज हैट्रिक का रिकॉर्ड 1954 में ऑस्ट्रिया के एरिख प्रोब्स्ट ने बनाया था, जिन्होंने शुरुआती 24 मिनट में ही तीन गोल दागने का ऐसा कारनामा किया, जो 72 साल बाद आज भी कायम है.

बात अगर फ्रांस की करें तो, वह 2018 का विश्व चैंपियन रह चुका है. उसने पिछला वर्ल्ड कप फाइनल भी खेला था. अब उसने नॉकआउट में धमाकेदार कर ली थी और उसका ये मुकाबला 1 जुलाई को होना है, और उस मैच में उसका प्रतिद्वंद्वी तय होना अभी बाकी है.

ये भी पढ़ें

90 मिनट तक बिना हिले-डुले खड़ा रहता ये फैन, FIFA World Cup में अपने PM की बेहद दर्दनाक कहानी याद दिला रहा

रेफरी की आंखों से दिख रहा FIFA World Cup 2026, सेंसर लगे फुटबॉल और ऑफसाइड फैसले में टेक्नोलॉजी कर रहे कमाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Football, 2026 FIFA World Cup, France, Norway, Kylian Mbappe Lottin, Ousmane Dembele
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com