विज्ञापन

FIFA World Cup 2026: 6 वर्ल्ड कप, 20 साल का सफर, लेकिन ट्रॉफी नहीं, रोनाल्डो की अधूरी कहानी

Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का ऐतिहासिक सपना एक बार फिर टूट गया.

Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026:

Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में शुमार और करीब दो दशक तक विश्व फुटबॉल पर राज करने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरकार उस सवाल का जवाब दे दिया, जिसका इंतजार उनके करोड़ों प्रशंसक कर रहे थे. 41 वर्षीय रोनाल्डो ने साफ कर दिया है कि स्पेन के खिलाफ फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में मिली हार उनके विश्व कप करियर का आखिरी मैच था. इसके साथ ही उनके सातवें विश्व कप में खेलने की सभी अटकलों पर भी विराम लग गया. रोनाल्डो ने विश्व कप में छह संस्करण खेले और हर बार अपनी छाप छोड़ी. हालांकि, क्लब फुटबॉल, यूरो कप और यूईएफए नेशंस लीग जैसे बड़े खिताब जीतने वाले इस महान खिलाड़ी की झोली में विश्व कप ट्रॉफी कभी नहीं आ सकी. यही उनके शानदार करियर की सबसे बड़ी अधूरी कहानी बन गई.

रोनाल्डो ने विश्व कप में बनाए कई बड़े रिकॉर्ड

रोनाल्डो ने अपने विश्व कप करियर में कुल 27 मुकाबले खेले और 11 गोल किए. इस सूची में उनसे आगे सिर्फ अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी हैं, जिन्होंने 30 विश्व कप मैच खेले हैं. रोनाल्डो विश्व कप के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर भी बने और साल 2026 विश्व कप में उन्होंने तीन गोल दागे. इनमें उज्बेकिस्तान के खिलाफ 5-0 की जीत में दो गोल शामिल थे. इसके अलावा उन्होंने पहली बार विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में भी गोल करने का रिकॉर्ड बनाया. क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी पर किया गया उनका गोल पुर्तगाल को अंतिम-16 तक पहुंचाने में अहम साबित हुआ.

20 साल का विश्व कप सफर, लेकिन मंजिल नहीं मिली

रोनाल्डो ने 2006 में पहली बार विश्व कप खेला था. तब पुर्तगाल सेमीफाइनल तक पहुंचा था, लेकिन खिताब नहीं जीत सका. इसके बाद 2010 और 2018 में टीम प्री-क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी, जबकि 2014 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई. 2022 में पुर्तगाल क्वार्टर फाइनल में हार गया और अब 2026 में स्पेन ने राउंड ऑफ 16 में उसके अभियान का अंत कर दिया. हर विश्व कप में रोनाल्डो से उम्मीदें आसमान पर रहीं, लेकिन टीम कभी ट्रॉफी तक नहीं पहुंच सकी.

करियर में 900 से ज्यादा गोल, लेकिन ट्रॉफी की कमी नहीं हुई पूरी

रोनाल्डो का करियर आंकड़ों के लिहाज से किसी किंवदंती से कम नहीं है. उन्होंने क्लब और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मिलाकर 900 से ज्यादा गोल किए. पांच बार बैलन डी'ओर जीता, यूईएफए चैंपियंस लीग में कई रिकॉर्ड बनाए, पुर्तगाल को यूरो 2016 और नेशंस लीग का चैंपियन बनाया.

इसके बावजूद विश्व कप ट्रॉफी उनके करियर का वह सपना बनकर रह गई, जिसे वह तमाम कोशिशों के बाद भी पूरा नहीं कर सके. यही वजह है कि उनका विश्व कप सफर भले खत्म हो गया हो, लेकिन फुटबॉल इतिहास में उनका नाम हमेशा सबसे महान खिलाड़ियों में लिया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com