विश्व कप फाइनल के लिए मंच सज चुका है जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आक्रमण वाली टीम अर्जेंटीना का सामना स्पेन की उस टीम से होगा जिसकी रक्षापंक्ति की मजबूती का कोई सानी नहीं है. खिताबी मुकाबले में खेल की दो अलग-अलग शैलियों का टकराव देखने को मिलेगा. टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना रविवार को ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में स्पेन की मजबूत रक्षात्मक टीम से भिड़ेंगे. स्पेन के पास मेस्सी को टक्कर देने के लिए लामिन यामल के रूप में युवा स्ट्राइकर है. स्पेन ने मंगलवार को पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया. इस टूर्नामेंट में वापसी करने में माहिर अर्जेंटीना ने बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर जीत हासिल की.
अर्जेंटीना अपना चौथा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है और ब्राजील के बाद लगातार दो बार विश्व कप चैंपियन बनने की ओर अग्रसर है, जिसने 1958 और 1962 में यह उपलब्धि हासिल की थी. स्पेन 2010 में जीतने के बाद अपना दूसरा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है. अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं जबकि टूर्नामेंट में सबसे कम गोल खाने के मामले में स्पेन सबसे आगे है. उसने सिर्फ एक गोल खाया है.
दक्षिण अमेरिकी चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन को मार्च के अंत में कतर के दोहा में फाइनलिस्सिमा में एक दूसरे का मुकाबला करना था लेकिन मध्य पूर्व में जारी जंग के कारण यह मैच नहीं हो पाया. और अब संयोग देखिए कि विश्व कप फाइनल में यह दोनों टीम आमने-सामने होंगी.
यह फुटबॉल के वर्तमान और भविष्य के बीच एक मुकाबला होगा. साथ ही उन टीमों के बीच भी मुकाबला होगा जो विश्व कप से पहले फीफा की विश्व रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज थीं - अर्जेंटीना नंबर एक और स्पेन नंबर दो पर.
साल 2007 में ली गई एक मशहूर तस्वीर है जब मेस्सी यूनिसेफ के एक कार्यक्रम का हिस्सा थे और उन्होंने एक बच्चे के साथ पोज दिया था. वह बच्चा कोई और नहीं बल्कि यामल है जो अब अपने आदर्श खिलाड़ी को टक्कर देने के लिए तैयार है. स्पेन ने फाइनल तक के सफर में छह जीत हासिल की और एक ड्रॉ खेला. उसने अब तक 13 गोल किए हैं और केवल एक गोल खाया है.
स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्दे से गोल रहित ड्रॉ खेलने के बाद सऊदी अरब को 4-0 से और उरुग्वे को 1-0 से हराया. उसने नॉकआउट चरण में ऑस्ट्रिया को 3-0 से, पुर्तगाल को 1-0 से, बेल्जियम को 2-1 से, फ्रांस को 2-0 से हराया. अर्जेंटीना अपने सभी सात मैच जीत कर फाइनल तक पहुंचा है. उसने अब तक 19 गोल किए हैं और सात गोल खाए हैं.
अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में अल्जीरिया को 3-0 से, ऑस्ट्रिया को 2-0 से और जॉर्डन को 3-1 से हराया. उसने नॉकआउट चरण में केप वर्दे को 3-2 से, मिस्र को 3-2 से, स्विट्जरलैंड को 3-1 से और इंग्लैंड को 2-1 से हराया.
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल कहां खेला जाएगा?
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल मेटलाइफ स्टेडियम, न्यूयॉर्क में खेला जाएगा.
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल कब खेला जाएगा?
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल सोमवार, 20 जुलाई (IST) को 12:30 बजे खेला जाएगा.
आप अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल का सीधा प्रसारण कहां देख सकते हैं?
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल का प्रसारण भारत में यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी टीवी चैनलों पर किया जाएगा.
आप अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं?
अर्जेंटीना बनाम स्पेन, फीफा विश्व कप 2026 फाइनल Zee5 ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगा.
मैच विवरण -
रेफरी: स्लावको विंसिक
स्पेन -
गोलकीपर: उनाई साइमन, डेविड राया, जोन गार्सिया रक्षक: पेड्रो पोरो, मार्कोस लोरेंटे, आयमेरिक लापोर्टे, पाउ क्यूबर्सी, मार्क पबिल, एरिक गार्सिया, मार्क कुकुरेला, एलेजांद्रो ग्रिमाल्डो
मिडफील्डर: रोड्रिगो हर्नांडेज़, मार्टिन जुबिमेंडी, पेड्रि गोंजालेज, फैबियन रुइज़, मिकेल मेरिनो, पाब्लो पेज़ 'गावी', एलेक्स बेना
फॉरवर्ड: मिकेल ओयारज़ाबल, लैमिन यामल, फेरान टोरेस, बोर्जा इग्लेसियस, दानी ओल्मो, विक्टर मुनोज़, निको विलियम्स, येरेमी पिनो
अर्जेंटीना-
गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज, गेरोनिमो रूली, जुआन मुसो डिफेंडर: नाहुएल मोलिना, गोंजालो मोंटिएल, क्रिस्टियन रोमेरो, लियोनार्डो बलेरडी, निकोलस ओटामेंडी, लिसेंड्रो मार्टिनेज, निकोलस टैग्लियाफिको, फेसुंडो मदीना
मिडफील्डर: लिएंड्रो पेरेडेस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, रोड्रिगो डी पॉल, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सक्विएल पलासियोस, एंज़ो फर्नांडीज, वैलेन्टिन बारको
फॉरवर्ड: लियोनेल मेसी, जूलियन अल्वारेज़, लुटारो मार्टिनेज, थियागो अल्माडा, निकोलस पाज़, निकोलस गोंजालेज, गिउलिआनो शिमोन, जोस मैनुअल लोपेज
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Final: अर्जेंटीना की जीत पर लगाया 14.5 करोड़ का दांव, क्या मेसी के लिए अपशगुन साबित होंगे ड्रेक?
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप फाइनल: मेसी या यमाल नहीं बल्कि कोच भी रचेंगे इतिहास, फाइनल में बनेंगे ये बड़े रिकॉर्ड्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं