विज्ञापन
This Article is From Sep 27, 2016

नैचुरल ड्रिंक्स से ही घट सकता है आपका वज़न, जानें कैसे

नैचुरल ड्रिंक्स से ही घट सकता है आपका वज़न, जानें कैसे
आज हर कोई अपनी हेल्थ को लेकर सचेत हो गया है। जिसे देखो वही पार्क और जिम में भागता-दौड़ता नज़र आता है। तो कोई खाने-पीने की आदतों को सुधार कर अपना वज़न कम करने में लगा है। लेकिन क्या आपने भी सुना है कि सब्जियों और फलों के जूस से भी वज़न घटाया जा सकता है? नहीं न! हम में से बहुत कम लोगों को ही यह पता होगा। तो चिंता की कोई बात नहीं है, हम आपको इन सब्जियों और फलों के जूस के बारे में विस्तार से बता देते हैं।
  • बनाना वाटर शेक : पोषण विशेषज्ञ सोनिया नारंग ने बताया कि आप इन जूसों से किस तरह अपना वजन कम कर सकते हैं। बनाना वाटर शेक बनाने के लिए ब्लेंडर में पका केला कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ रखकर आधा कप पानी मिलाएं। इसे अच्छी तरह से मिश्रित होने तक घुलने दें और ठंडा ही पीएं। यह पेय पदार्थ ऊर्जा, पोटेशियम और कैल्शियम से भरपूर होता है। दूध नहीं मिला होने से यह वजन घटाने में सहायक होता है। 
  • कोकोनट मिंट पाइन पिना कोलाडा : ताजा नारियल पानी, अनानास के दो टुकड़े, और पुदीने की कुछ पत्तियों को ब्लेंडर में डालकर घोल बना लें। यह ड्रिंक खनिज तत्वों से भरपूर होता है, जो पाचन में सहायक होने के साथ ही वजन कम करने वाले एंजाइम ब्रोमेलिन से भी समृद्ध होता है। यह बुरे कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी फायदेमंद है। 
  • क्यूकम्बर, कोरिएंडर स्मूदी : एक छोटा खीरा, धनिया का एक गुच्छा, कसा हुआ थोड़ा सा अदरक और एक चम्मच एलोवेरा जेल को मिक्सर में रखकर पीस लें, फिर कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ चलाएं। स्वाद के अनुसार थोड़ा पानी और आधा नींबू का रस इस ड्रिंक में मिला लें। यह शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने के लिए बहुत अच्छा ड्रिंक है। ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए भी लाभदायक है।
  • कीवी, क्यूकम्बर, स्ट्रॉबेरी ड्रिंक : कीवी, खीरा, और स्ट्रॉबेरी के टुकड़ों को एक जग पानी में डाल दे। 5-10 मिनट में इसके पोषक तत्व पानी में अच्छी तरह मिल जाएंगे। इस जग का पानी पीते रहें और इसमें पानी मिलाते रहें। यह पानी विटामिन सी और ए के गुणों से भरपूर होता है।
  • टरमरिक, लेमन डिटॉक्स टी : आधा चम्मच पिसी हल्दी, कुछ चाय की पत्तियां और एक चुटकी दालचीनी पाउडर को 200 मिलीलीटर पानी में उबाल लें। इसे ठंडा करके आधा नींबू का रस मिला कर पीएं। इस चाय को गर्म या ठंडा पिया जा सकता है। यह डिटॉक्सीफायर होने के साथ ही फ्लैवोनॉइड्स का अच्छा स्रोत भी है, साथ ही इसमें हल्दी के कारण जीवाणु रोधक गुण भी शामिल हो जाते हैं। आधा चम्मच शहद मिलाकर भी इसका सेवन किया जा सकता है।
  • ग्रीन कॉफी कोकोनट : गर्म उबलते हुए पानी के एक मग में एक पाउच ग्रीन कॉफी डालकर इसे 10 मिनट के लिए अच्छी तरह से मिक्स हो जाने के लिए छोड़ दें। इसे छानकर इसमें आधा चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन नारियल तेल मिलाकर इसका सेवन करें। यह मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होता है। नारियल तेल दिल और हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए भी जाना जाता है। 

(इनपुट्स आईएएनएस से)


(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Natural Drinks, Loose Weight, Benefits, Vegetable Juice, Fruit Juice, प्राकृतिक ड्रिंक्स, वजन घटाना, फायदे, सब्जियों का जूस, फलों का जूस
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com