मोमो का नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन जब बच्चे इसे खाने की बात करते हैं, तो मैदा की वजह से हम उन्हें इसे खाने से रोक देते हैं. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आप मोमो को हेल्दी बना सकते हैं. जी हां बिना मैदा के हेल्दी मोमो जिसे आप बच्चों को आराम से घर पर बना कर खिला सकते हैं. शेफ भूपी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'रागी आटा मोमो' (Ragi Atta Momo) की एक कमाल की रेसिपी शेयर की है.
शेफ भूपी का दावा है कि इस तरीके से मोमो बनाना बहुत आसान है, इसे खाने के बाद आप मैदे वाले रेगुलर मोमो का स्वाद हमेशा के लिए भूल जाएंगे. सबसे अच्छी बात कि इन्हें बनाने के लिए न आटा गूंथने का झंझट, न बेलने की टेंशन. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं रागी मोमो- (How To Make Ragi Atta Momo)
- स्टफिंग तैयार करने के लिए गाजर, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी और बीन्स को बारीक काट लें. साथ ही स्वाद बढ़ाने के लिए फ्रोजन कॉर्न, कच्चा लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, फ्रेश कुटी काली मिर्च और थोड़ा सा वेज एरोमेट पाउडर मिलाएं. सब्जियों में नमक मिलाने के बाद उन्हें 10 मिनट के लिए छोड़ दें जिससे वे सॉफ्ट हो जाएं.
- शेफ भूपी ने बताया कि मोमो बनाने के लिए सब्जियों का पानी निकालना बहुत जरूरी है, नहीं तो मोमोज गीले हो जाएंगे.
- एक सूती कपड़े में सब्जियों को डालकर उनका पानी निचोड़ लें.
- लेकिन ध्यान रहे, यह पौष्टिक पानी फेंकना नहीं है, इसका इस्तेमाल आगे की एक खास चीज में होगा.
- पानी निकालने के बाद सब्जियों में बाइंडिंग और क्रीमी टेक्सचर देने के लिए पनीर मिलाया है.
- इसके साथ ही मोमोज का एक सीक्रेट इंग्रीडिएंट यानी थोड़ा सा बटर भी मिक्स किया, जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
- इसके बाद सब्जियों की छोटी-छोटी बॉल्स तैयार कर लें.
- मोमोज की बाहरी परत बनाने के लिए शेफ भूपी ने दो तरह की कोटिंग तैयार की.
- पहली कोटिंग गेहूं के आटे और पानी का एक पतला सी स्लरी है.
- दूसरी कोटिंग के लिए उन्होंने सूखा रागी का आटा लिया, जो कैल्शियम और न्यूट्रिशन से भरपूर और ग्लूटेन-फ्री होता है.
- सबसे पहले सब्जी की बॉल को गेहूं के आटे के बैटर में डुबाया जाता है और फिर सूखे रागी के आटे में अच्छी तरह लपेटा जाता है.
- सब्जियों के मॉइस्चर की वजह से यह आटा सेट होने लगता है. परफेक्ट और पतली परत पाने के लिए इस कोटिंग प्रोसेस को दो बार दोहराया जाता है.
- इसके बाद इन मोमोज को स्टीमर ट्रे पर केले का पत्ता या थोड़ा सा घी लगाकर 10 से 12 मिनट के लिए स्टीम किया जाता है.
- पकने के बाद ये रागी मोमो बेहद लाजवाब दिखते हैं. इनकी बाहरी परत बहुत ही पतली और अंदर की स्टफिंग एकदम जूसी और बटर-पनीर के स्वाद से भरपूर होती है.
यहां देखें वीडियो-
टमाटर-तिल की स्पेशल रोस्टेड चटनी-
शेफ भूपी ने इन मोमो के साथ खाने के लिए मिर्च के पेस्ट वाली आम चटनी के बजाय एक बेहद शानदार टमाटर की चटनी भी सिखाई है. इसके लिए उन्होंने दो टमाटरों को गैस पर डायरेक्ट रोस्ट किया, जिससे उनका छिलका जल जाए, छिलका उतारने के बाद इन टमाटरों को अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, धनिए के डंठल, नमक, एक छोटा चम्मच भुना हुआ सफेद तिल, रंग के लिए कश्मीरी लाल मिर्च और सब्जियों से निकले उसी बचे हुए पानी के साथ मिक्सी में पीस लिया. आखिर में थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़कर एक बेहतरीन खट्टी-तीखी चटनी तैयार हो जाती है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबको पसंद आएगी कॉफी से बनी ये ठंडी-ठंडी मिठाई, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं