अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की आलू की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग स्वाद चखना चाहते हैं, तो उत्तराखंड की पारंपरिक डिश आलू थिचोड़ी जरूर ट्राई करें. उत्तराखंड के गड़वाली क्षेत्र में इस रेसिपी को बहुत ही चाव से खाई जाती है. इस रेसिपी की अच्छी बात ये है कि इसमें आपको न आलू छिलने की जरूरत है और न ही काटने की. काफी कम मेहनत में ये रेसिपी बनकर तैयार हो जाती है. ये रेसिपी कुछ साधारण मसालों के साथ बनकर तैयार होती है. जिसे गर्मागर्म चावल के साथ खाया जाता है. गड़वाली में थिचोड़ी का अर्थ क्रश करना होता है यानि इस सब्जी में आप जो भी चीजें डालेंगे, उसे क्रश करके बनाएंगे. यहां जानते हैं इस सिंपल सी स्वादिष्ट सब्जी की रेसिपी-
आलू थिचोड़ी कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
- छोटे आलू - 200 ग्राम
- लहसुन - 10 से 15
- टमाटर - 2 से 3 मीडियम आकार के
- हरी मिर्च - 3 से 5
- जीरा - 1 चम्मच
- साबुत धनिया - 1 चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1 टीस्पून
- साबुत लाल मिर्च - 2 टीस्पून
- जख्या - 1 टीस्पून
- सरसों का तेल - 3 बड़े चम्मच
वीडियो में देख आलू थिचोड़ी की रेसिपी
विधि
सिलबट्टे में सबसे पहले टमाटर, हरी मिर्च, धनिया के बीज, जीरा को अच्छी तरह से क्रश करके पीस लें. इसके बाद हल्दी और लाल मिर्च डालकर फिर से पीस लें. अब मसाले पीस चुके हैं, इसे कटोरी में निकल लें. अब आलू लें और इसे क्रश कर लें. ध्यान रखें आलू को क्रश करना है, इसे पीसना नहीं है. जब सभी आलू मोटे-मोटे क्रश हो जाए, तो गैस पर लोहे की कड़ाही चढ़ाएं.
इस कड़ाही में सरसों का तेल डालें, फिर अब जख्या सीड और फिर लहसुन को क्रश करके डालें. अब पीसे हुए मसाले डालकर कुछ देर के लिए भुन लें. अब इसमें क्रश किया हुआ आलू डालकर कुछ देर के लिए भुन लें. फिर स्वादानुसार नमक और पानी डालकर ढक लें. इसे तबतक पकाएं, जबतक गाढ़ी सी ग्रेवी तैयार न हो जाएं. इसके बाद गैस बंद करें और धनिया पत्ती का छिड़काव करें. इसे गर्मागर्म भात के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें - बिना तले, कम घी में बनाएं हलवाई जैसे चूरमा लड्डू, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं