इन दिनों मौसम में काफी ज्यादा नमी हो गई है, ऐसे में चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं या फिर स्वाद बदलने लगता है. इसमें गूंथे हुए आटे भी शामिल है. जब आप आटे को गूंथकर कुछ देर के लिए छोड़ देते हैं, तो इसका स्वाद हल्का सा खट्टा होने लगता है. हम में से कई लोग इसे खराब समझकर फेंकने लग जाते हैं. लेकिन आपको बता दें कि कुछ देर रखा आटा खराब नहीं होता है, बल्कि ये फर्मेंट हो जाता है और इसमें विटामिन बी बढ़ जाता है. ऐसे में ये आपके लिए अनहेल्दी नहीं होता है. आप इस आटे का इस्तेमाल कई तरह के डिशेज को बनाने के लिए कर सकते हैं, जिसमें न सिर्फ ब्रेड शामिल है. बल्कि अन्य तरह की चीजें भी शामिल हैं, जिसे झटपट बनाया जा सकता है. यहां जानते हैं खट्टे आटे से बनने वाली 2 आसान सी रेसिपी-
खट्टे आटे से बनाएं स्वादिष्ट मसाला पराठा
खट्टे आटे से बने पराठे बहुत ही स्वादिष्ट और हल्के कुरकुरे बनते हैं.
आवश्यक सामग्री
- खट्टा गूंथा हुआ आटा
- प्याज - 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च - 1
- थोड़ा सा हरा धनिया
- लाल मिर्च पाउडर
- अजवाइन
- नमक (जरूरत हो तो)
बनाने की विधि
खट्टे आटे में प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले मिला लें. अब आटे को अच्छी तरह से दोबारा गूंथ लें और छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. इसके बाद इसे बेलकर इसे गर्म तवे पर डालकर अच्छी तरह से दोनों ओर सेंक लें. इसे आप दही, अचार और चाय के साथ गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं.
मसाला पराठा की वीडियो में देखे रेसिपी-
खट्टे आटे से बनाएं चीला
अगर कुछ अलग खाना चाहते हैं तो खट्टे आटे का चिल्ला बेहतरीन विकल्प है.
आवश्यक सामग्री
- खट्टा आटा - 1 कप
- प्याज - 1 बारीक कटा
- गाजर - 1 कद्दूकस की हुई
- शिमला मिर्च - 1
- हरी मिर्च - 1 से 2
- नमक और मसाले स्वादानुसार
बनाने की विधि
आटे में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. इसके बाद इसमें सभी सब्जियां और मसाले मिक्स कर लें. अब एक नॉन-स्टिक तवा लें और इसे गर्म करें. जब तवा गर्म हो जाए, तो इसपर बैटर फैलाएं और फिर दोनों ओर सुनहरा होने तक सेंक लें. इसे आप हरी चटनी या फिर सॉस के साथ परोसें.
आटे का चीला बनाने की वीडियो में देखें रेसिपी
खट्टा आटा इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आटा काफी ज्यादा खट्टा हो गया और काफी ज्यादा सड़ी हुई गंध आ रही है, तो ऐसे में इसका इस्तेमाल न करें. वहीं, अगर आटे का रंग बदल गया या उसमें फंफूंदी लग गई है, तो इसका इस्तेमाल करने से बचें.
ये भी पढ़ें - बिना तले, कम घी में बनाएं हलवाई जैसे चूरमा लड्डू, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं