कई लोगों की ये शिकायत रहती है कि फल अभी काटे थे और मिनटों में काले पड़ गए, इससे न सिर्फ उनका लुक खराब हो जाता है, बल्कि कई बार लोग उन्हें खाने से भी बचते हैं. अक्सर ये एक समस्या लोगों को परेशान करती है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है? अगर हां, तो ये ट्रिक्स आपके काम आ सकती हैं.
दरअसल, फल काटने के बाद हवा के संपर्क में आते ही उनमें मौजूद एंजाइम ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करने लगते हैं. इस प्रक्रिया को ऑक्सीकरण कहा जाता है, जिसके कारण फलों का रंग भूरा या काला दिखने लगता है. हालांकि, इसे कुछ आसान तरीकों से काफी हद तक रोका जा सकता है.

फ्रूट्स को फ्रेश कैसे रखें | Fruits Ko Fresh Kaise Rakhe
प्लास्टिक रैप या फूड कवर का इस्तेमाल करें:
अगर आपके पास एयरटाइट डिब्बा नहीं है, तो फलों को प्लास्टिक रैप या फूड कवर से अच्छी तरह ढक दें, इससे हवा का संपर्क कम होगा और फल ज्यादा देर तक ताजा दिखेंगे.
शहद का पानी है कारगर:
एक गिलास पानी में थोड़ा सा शहद मिलाकर कटे फलों को कुछ सेकंड के लिए उसमें डुबो दें. शहद में ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं जो ऑक्सीकरण की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करते हैं. यह तरीका खासकर बच्चों के टिफिन के लिए उपयोगी हो सकता है.
नींबू का रस लगाएं:
कटे हुए सेब या केले पर थोड़ा नींबू का रस लगा दें. नींबू में साइट्रिक एसिड होता है जो फल को काला होने से रोकता है. इसी वजह से फल ज्यादा देर तक ताजे रहते हैं. इसलिए तो ज्यादातर फ्रूट सलाद में नींबू डाला जाता है/
ठंडे पानी का इस्तेमाल करें:
अगर फल तुरंत खाने नहीं हैं, तो उन्हें कुछ मिनट के लिए ठंडे पानी में डुबोकर रखें, इससे हवा के सीधे संपर्क को कम किया जा सकता है. हालांकि, बहुत देर तक पानी में रखने से स्वाद प्रभावित हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतें.
एयरटाइट डिब्बे में रखें:
कटे हुए फलों को खुला छोड़ने के बजाय एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें, इससे ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है और फल जल्दी काले नहीं पड़ते. फ्रिज में रखने से उनकी ताजगी और भी लंबे समय तक बनी रहती है.
इसे भी पढ़ें: कौन हैं वो 4 लोग जिन्हे अनार जरूर खाना चाहिए? न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया खाने का सही तरीका!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं