कटहल को वेजिटेरियन का मीट कहा जाता है. दरअसल ये एक ऐसी सब्जी है जिसे नॉनवेजिटेरियन और वेजिटेरियन दोनों खाना पसंद करते हैं. लेकिन अक्सर जब भी घर पर कटहल की सब्ज़ी बनती है, तो दो ही शिकायतें होती हैं सब्ज़ी में बहुत ज़्यादा तेल हो गया है और मसालों का स्वाद कटहल के टुकड़ों के अंदर तक नहीं गया. अगर आप भी इसी तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं.
कुकिंग एक्सपर्ट भरत किचन (@Bharatzkitchen) पर शेयर कटहल की रेसिपी आपके सारे सवालों के जवाब का हल है. क्योंकि ये सब्जी टेस्टी होने के साथ-साथ सेहतमंद भी है. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि शेफ ने सिर्फ आधा कप तेल में पूरी सब्ज़ी तैयार करने का सीक्रेट बताया है. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.

कम तेल में कटहल की स्वादिष्ट सब्जी कैसे बनाएं. Photo Credit: Freepik
कम तेल में कैसे बनाएं कटहल की सब्जी-
सामग्री-
कटहल उबालने के लिए-
- पानी - 1 लीटर
- नमक - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- हरी मिर्च - 3
- कटहल - 1/2 किलो
टमाटर-अदरक की चटनी-
- अदरक - 2 इंच का टुकड़ा
- लहसुन - 12 से 13 कलियां
- हरी मिर्च - 3
- टमाटर - 3
ग्रेवी और बाकी चीजें-
- सरसों का तेल - 1/2 कप
- प्याज - 3 (बारीक कटे हुए, बरिस्ता यानी फ्राई करने के लिए)
- बड़ी इलायची - 1
- लौंग - 2
- छोटी इलायची - 2
- काली मिर्च - 10 से 12
- नमक - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर - 3 बड़े चम्मच
- जीरा पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- दही - 2 बड़े चम्मच
- गरम मसाला - 1 छोटा चम्मच
- भुनी हुई कसूरी मेथी - 1 छोटा चम्मच
- भुना हुआ जीरा पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- केवड़ा वॉटर - 1 छोटा चम्मच
विधि-
- सबसे पहले कुकर में 1 लीटर पानी लें. इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और आधा किलो कटे हुए कटहल डालकर हाई फ्लेम पर सिर्फ 1 सीटी लगा लें.
- ध्यान रहे कि सीटी आते ही गैस बंद कर दें ताकि कटहल ज़्यादा न गले. इसे छानकर ठंडा होने के लिए रख दें.
- मिक्सर में अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और टमाटर डालकर एकदम बारीक पीस लें और एक बढ़िया चटनीनुमा पेस्ट तैयार कर लें.
- कढ़ाई में आधा कप सरसों का तेल अच्छे से गर्म करें. इसमें बारीक कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक तल लें और निकाल लें.
- अब इसी बचे हुए तेल में उबले हुए कटहल को डालकर हल्का सा रंग आने तक भून लें और निकाल लें.
- बचे हुए तेल में बड़ी इलायची, लौंग, छोटी इलायची और काली मिर्च डालें. इसके बाद टमाटर-अदरक वाला पेस्ट और नमक डालकर भूनें.
- साथ ही हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर मसाले को ढककर कुछ मिनट तक अच्छे से पकने दें.
- तली हुई प्याज को 2 चम्मच दही और थोड़े से पानी के साथ मिक्सर में पीस लें.
- इस पेस्ट को कढ़ाई वाले मसाले में मिलाएं और तब तक भूनें जब तक कि मसाले से पानी पूरी तरह सूख न जाए और मसाला दानेदार न दिखने लगे.
- अब भुने हुए मसाले में कटहल उबला हुआ पानी डाल दें. इसके बाद भुना हुआ कटहल मिलाएं और धीमी आंच पर ढककर 5 मिनट के लिए पकने दें ताकि मसालों का स्वाद कटहल के अंदर तक चला जाए.
- आखिर में गरम मसाला, भुनी हुई कसूरी मेथी, भुना जीरा पाउडर और खुशबू के लिए थोड़ा सा केवड़ा वॉटर डालकर मिलाएं.
- आपकी गरमा-गरम, स्वादिष्ट कटहल की सब्ज़ी तैयार है.
कुकिंग टिप्स-
- कुकर में कटहल को सिर्फ 80% तक ही पकाना है. अगर यह ज़्यादा गल गया, तो कढ़ाई में भूनते समय बिखर जाएगा.
- कटहल उबालने के बाद बचे हुए पानी में बहुत फ्लेवर होता है. ग्रेवी बनाते समय इसी पानी का इस्तेमाल करें, इससे सब्ज़ी का स्वाद दोगुना हो जाता है.
- जब आप कटहल को तेल में फ्राई कर रहे हों, तो उसे बार-बार कड़छी से न चलाएं सिर्फ एक या दो बार ही पलटें, वरना कटहल के टुकड़े टूट सकते हैं.
ये भी पढ़ें- शेफ हरपाल से जानें घर पर कैसे बनाएं होटल जैसी मूंगफली की हरी चटनी, फटाफट नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं