सर्दियों का मौसम आते ही हमारी थाली का स्वाद भी बदल जाता है. इस मौसम में गेहूं की रोटी की जगह हम तरह-तरह की रोटियों को खाना पसंद करते हैं, जो न सिर्फ स्वाद को बढ़ाने बल्कि सेहत में भी कमाल हैं. आज हम बात कर रहे हैं बाजरे की रोटी की. बाजरा एक मोटा अनाज है इसे पोषण का खजाना कहा जाता है. लेकिन कई लोगों की ये शिकायत रहती है कि उनकी रोटी बेलते ही टूट जाती है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं, चलिए जानते हैं कैसे बनाएं बाजरे की परफेक्ट रोटी.
बाजरे की रोटी बनाने में कौन सी गलती न करें-
आमतौर पर गेहूं के आटे की रोटी बनाते समय उसको गूंथ कर कुछ समय के लिए रेस्ट होने को रख देते हैं. लेकिन ये गलती बाजरे के आटे के साथ नहीं करनी है. इस आटे को तुरंत गूंथ कर तुरंत बनाना होता है. इसलिए आटे को तुरंत गूंथ कर रोटी बना लें. वहीं आटे अगर बहुत पुराना हो गया है और काफी दिनों से रखा हुआ तो तब भी इसको रोटी अच्छी नहीं बनती है. इसलिए फ्रेश आटे का ही इस्तेमाल करें.

बाजरे की परफेक्ट रोटी बनाने के लिए कैसे गूंथे आटा-
बाजरे की रोटी को बनाने के लिए सबसे जरूरी है इसके आटे को सही तरीके से गूंथना. इस आटे को गूंथते समय एक बात का ध्यान रखें इसको हाथों से अच्छे से मसलना है. तभी रोटी परफेक्ट बनेगी. आटा गूंथने के बाद रोटी बनाते समय पहले उसको अच्छे से मसल लें ताकि आटा सॉफ्ट हो जाएं इससे आपकी रोटी नरम और फूली हुई बनेगी. आटे को हमेशा हल्के गुनगुने पानी से ही गूंथे. ठंडे पानी से आटा लगाने पर यह सख्त होगा और आपको इसे मसलने में बहुत मेहनत करनी होगी. आप चाहे तो हल्के गुनगुने दूध का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
कैसे बनाएं रोटी-
सबसे पहले एक रोटी बनाने के लिए आटे को गूंथे फिर उसे हल्के हाथ से बेल लें और गरम तवे पर डालकर दोनों तरफ से सेंक लें. इसके बाद इसे धीमी आंच पर गैस पर दोनों तरफ से सेंक लें. आपकी रोटी बनकर तैयार इसे इसमें घी लगाएं और सब्जी, दाल या गुड़ के साथ मजे लें.
ये भी पढ़ें- बिना उबाले आंवले का अचार कैसे बनाएं? इस सीक्रेट तरीके से महीनों तक नहीं होगा खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं