ड्राई फ्रूट्स को सेहत का खजाना कहा जाता है. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि अगर आप रोजाना 5-6 सूखे आलूबुखारे खाते हैं, तो शरीर को एक तो नहीं बल्कि, कई लाभ मिल सकते हैं खासकर कमजोर हड्डियों में. दरअसल आज के समय में जब भी सेहत की बात आती है, तो हम दिल, वजन और फिटनेस के बारे में सोचते हैं, लेकिन हड्डियों की सेहत पर हमारा ध्यान बहुत बाद में जाता है. जवानी में तो हमारी हड्डियां मजबूत रहती हैं, लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, खासकर महिलाओं में मेनोपॉज के बाद हॉर्मोन में बदलाव के कारण हड्डियां कमजोर होने का खतरा काफी बढ़ जाता है.
हड्डियों को मजबूत रखने के लिए कैल्शियम, विटामिन डी, सही खानपान की जरूरत होती ही है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी किचन में रखी एक छोटी सी चीज आपकी हड्डियों की सेहत सुधार सकती है? जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. यहां बात हो रही है प्रून यानी सूखे आलू बुखारे की. न्यूट्रिशनिस्ट दीप्शिखा जैन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है कि कैसे रोजाना सिर्फ पांच से छह सूखे आलू बुखारे खाने से हड्डियों की सेहत को दुरुस्त रखा जा सकता है.
सूखे आलू बुखारे को डाइट में कैसे करें शामिल- (How To Add Prunes In Daily Diet)
- नाश्ते में- आप सुबह ओट्स, दलिया या दही खाते हैं, तो उसमें पांच से छह कटे हुए सूखे आलू बुखारे मिला लें. इससे नाश्ते का स्वाद भी बढ़ जाएगा और सेहत को पूरा फायदा भी मिलेगा.
- शाम के स्नैक- जब भी शाम को छोटी-सी भूख लगे, तो चिप्स या बिस्कुट खाने के बजाय मुट्ठी भर ड्राई फ्रूट्स के साथ 5-6 सूखे आलू बुखारे खा लें.
- स्मूदी या शेक- अगर आपको सुबह शेक या स्मूदी पीना पसंद है, तो उसमें दो-तीन सूखे आलू बुखारे पीसकर डाल दें. इससे प्राकृतिक मिठास आ जाएगी और चीनी की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.
- सलाद और खाने- आप चाहें तो अपने रोज के सलाद में या घर पर बनने वाली किसी खट्टी-मीठी चटनी या सब्जी में भी सूखे आलू बुखारों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
सूखा आलू बुखारा हड्डियों के लिए क्यों है फायदेमंद?
एक्सपर्ट के अनुसार, रोजाना 6 सूखे आलू बुखारा खाने से हड्डियों की डेंसिटी यानी उनका घनत्व सुरक्षित रहने में मदद मिलती है. इस बात को साबित करने के लिए महिलाओं पर एक रिसर्च भी की गई थी, जिसमें सामने आया कि जिन महिलाओं ने नियमित रूप से सूखे आलू बुखारे खाए, उनकी हड्डियों की सेहत उन महिलाओं के मुकाबले काफी बेहतर पाई गई जिन्होंने इनका सेवन नहीं किया था. न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं कि सूखे आलू बुखारे शरीर के अंदर होने वाली उस सूजन या रिएक्शन को रोकने में मदद करते हैं जो हड्डियों को कमजोर बनाती है. यानी ये छोटे-छोटे फल हड्डियों को अंदर से मजबूत रखने और उन्हें टूटने से बचाने में बहुत मददगार साबित हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: घर की साधारण सब्जियों से बनाएं टेस्टी लाहौरी वेज कीमा, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं