विज्ञापन

न मावा, ना चाशनी! दिवाली पर बनाएं शुद्ध डोडा बर्फी, दूध और दलिया से तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई

दिवाली पर बाजार जैसी दानेदार डोडा बर्फी घर पर बहुत ही आसान तरीके से बना सकते हैं. इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको बस दूध, दलिया, ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजों की जरूरत होती है. यहां जानते हैं रेसिपी बनाने का तरीका-

न मावा, ना चाशनी! दिवाली पर बनाएं शुद्ध डोडा बर्फी, दूध और दलिया से तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई
Doda Barfi Recipe : डोडा बर्फी कैसे बनाएं?

दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा माना जाता है. हालांकि, बाजार में कई तरह की मिठाइयां आसानी से मिल जाती हैं, लेकिन घर पर बनी मिठाई का स्वाद और शुद्धता अलग ही होती है. अगर इस बार आप कुछ स्पेशल अपने घर पर बनाना चाहते हैं, तो डोडा बर्फी आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. दिल्ली, गुड़गांव और पंजाब में पसंद की जाने वाली यह मिठाई अपने दानेदार टेक्सचर और रिच स्वाद के लिए जानी जाती है. इस मिठाई की सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. आप इसे सिर्फ दूध, दलिया, गुड़ और सूखे मेवों से तैयार कर सकते हैं. इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल Rao Manju Kitchen पर शेयर की है. यहां जानते हैं डोडा बर्फी बनाने की रेसिपी क्या है?

वीडियो में पूरी रेसिपी देखे...

डोडा बर्फी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

घर पर अगर आप डोडा बर्फी बनाना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी सामान की लिस्ट तैयार कर लें. इस बर्फी को बनाने के लिए देसी घी, गेहूं का आटा, दलिया, फुल क्रीम दूध, दही, गुड़, चीनी, इलायची, सूखा नारियल, काजू और थोड़ा सा कोको पाउडर की जरूरत हो सकती है. ये सभी चीजें डोडा बर्फी के स्वाद और रंग को बेहतर करती हैं. 

इस तरह तैयार करें डोडा बर्फी

  1. सबसे पहले कढ़ाई में देसी घी गर्म करें और उसमें गेहूं का आटा हल्का भून लें. इसके बाद दलिया डालकर कुछ मिनट तक भूनें. अब इसमें फुल क्रीम दूध डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब दूध उबलने लगे तो उसमें थोड़ा दही मिलाएं. इससे दूध में छोटे-छोटे दाने बनेंगे, जो डोडा बर्फी की पहचान माने जाते हैं.
  2. दूध गाढ़ा होने लगे तो उसमें बारीक कटा गुड़ और स्वादानुसार चीनी डाल दें. मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाएं. गुड़ के कारण मिठाई में देसी स्वाद आता है. वहीं, चीनी मिठास को बैलेंस करती है.
  3. जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तो इसमें कुटी हुई इलायची और पीसा हुआ सूखा नारियल डालें. इसके बाद थोड़ा देसी घी और कोको पाउडर मिलाएं. कोको पाउडर डोडा बर्फी को बाजार जैसी रंगत देता है. 
  4. इसके बाद जब मिश्रण कढ़ाई छोड़ने लगे, तब उसमें कटे हुए काजू मिलाकर घी लगी ट्रे में फैला दें. ऊपर से काजू डालकर हल्के हाथों से दबाएं. इसे 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने दें. सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें.

ये भी पढ़ें - फटे हुए दूध से बनाएं मलाईदार सॉफ्ट बर्फी, देखें रेसिपी वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Doda Barfi, Food, Diwali Recipe, Diwali Recipes, Barfi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com