विज्ञापन

भाई दूज पर ऐसे बनाएं भईया के लिए राबड़ीदार हलवाई स्टाइल खीर, 1 की जगह खा जाएंगे 2 कटोरी खीर

भाई दूज पर अगर आप अपने भाई को कुछ स्पेशल बनाकर खिलाना चाहते हैं, तो इस बार राबड़ीदार खीर बनाकर खिलाएं. यहां जानते हैं रेसिपी-

भाई दूज पर ऐसे बनाएं भईया के लिए राबड़ीदार हलवाई स्टाइल खीर, 1 की जगह खा जाएंगे 2 कटोरी खीर
Halwai Style Kheer Recipe : राबड़ी खीर रेसिपी

भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और अपनापन का प्रतीक माना जाता है. इस खास मौके पर बहनें अपने भाई के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर उनके दिन को और भी खास बनाती हैं. अगर आप भी इस बार कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जो स्वाद में बिल्कुल हलवाई की दुकान जैसी लगे, तो राबड़ीदार खीर एक बेहतरीन विकल्प है. इसकी गाढ़ी बनावट, मलाईदार स्वाद और खुशबू हर किसी का दिल जीत लेती है.

अक्सर घर पर खीर बनाते समय वह पतली रह जाती है या उसमें हलवाई जैसा स्वाद नहीं आ पाता. लेकिन कुछ आसान और खास टिप्स अपनाकर आप भी एकदम क्रीमी और रिच खीर तैयार कर सकती हैं. इस रेसिपी में चावल, दूध और ड्राई फ्रूट्स का सही संतुलन खीर को खास बनाता है. इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल Cooking With Chef Ashok से ली गई है. रेसिपी में खीर को राबड़ीदार और हलवाई स्टाइल बनाने के कई ऐसे सीक्रेट टिप्स बताए हैं, जिनकी मदद से आपका स्वाद दोगुना हो जाएगा.

वीडियो में पूरी रेसिपी देखें...

खीर बनाने के लिए क्या करें?

आवश्यक सामग्री

फुल क्रीम दूध - 2 लीटर
सोना मसूरी चावल - 150 ग्राम
पानी - आधा कप
केसर - थोड़ी सी
छोटी इलायची - 7 से 8
चीनी - 80 ग्राम
कंडेंस्ड मिल्क - 150 मिली
काजू - 10 से 12
बादाम - 10 से 12
देसी घी - 1 बड़ा चम्मच
किशमिश - ऑप्शनल

विधि

हलवाई स्टाइल खीर बनाने के लिए सोना मसूरी या बासमती टुकड़ा चावल सबसे अच्छे माने जाते हैं. इनमें स्टार्च की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे खीर गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है. चावलों को अच्छी तरह धोकर कम से कम 30 मिनट के लिए भिगो दें. इससे चावल जल्दी पकते हैं और खीर का टेक्सचर बेहतर बनता है. सबसे पहले एक मोटी तली वाली कढ़ाई में आधा कप पानी डालें. जब पानी उबलने लगे तो उसमें दूध डाल दें. यह तरीका दूध को नीचे लगने से बचाता है. दूध में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें.

अब भीगे हुए चावल को हल्का-सा मसलकर दूध में डालें. साथ ही कुटी हुई इलायची के बीज भी मिला दें. धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध और चावल अच्छी तरह मिल जाएं. अगर आप केसर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे गर्म दूध में भिगोकर खीर में मिला दें. इससे खीर का रंग और फ्लेवर दोनों शानदार हो जाते हैं.

हलवाई वाला सीक्रेट ट्रिक

जब चावल पूरी तरह पक जाएं, तब खीर का थोड़ा हिस्सा निकाल लें और बर्तन में मौजूद कुछ चावलों को करछी से हल्का मसल दें. ऐसा करने से चावल अपना स्टार्च छोड़ते हैं और खीर अपने आप गाढ़ी व राबड़ीदार हो जाती है. यही वह सीक्रेट तरीका है जिससे हलवाई जैसी खीर तैयार होती है. ध्यान रखें कि चीनी हमेशा चावल पकने के बाद ही डालें. चीनी जल्दी डालने पर चावल अच्छी तरह नहीं पकते.

ड्राई फ्रूट्स और कंडेंस्ड मिल्क से बढ़ाएं स्वाद

एक पैन में चीनी को हल्का कैरेमल करें और उसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाकर तैयार मिश्रण खीर में डाल दें. इससे खीर का स्वाद और रंग दोनों शानदार हो जाते हैं. अंत में एक चम्मच देसी घी में काजू और बादाम को हल्का भूनकर खीर में मिला दें. इससे खीर में हल्का क्रंच और शानदार खुशबू आती है.

इस खीर को आप गर्मागर्म भी परोस सकते हैं और फ्रिज में ठंडा करके भी खा सकते हैं. ठंडी होने के बाद इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. भाई दूज पर अगर आप यह राबड़ीदार हलवाई स्टाइल खीर बनाकर अपने भईया को खिलाएंगी, तो यकीन मानिए वह एक नहीं बल्कि दो कटोरी खीर जरूर खाएंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kheer, Kheer And Doodh, Kheer Recipe, Lifestyle, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com