गोवर्धन पूजा का पर्व आते ही घरों और मंदिरों में अन्नकूट की खुशबू फैलने लगती है. ये सिर्फ एक सब्जी नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और स्वाद का प्रतीक मानी जाती है. भंडारों में मिलने वाली अन्नकूट की सब्जी कई तरह की मौसमी सब्जियों को एक साथ मिलाकर बनाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाते हैं. यूट्यूब पर इस खास रेसिपी को Shaluzlovebook Kitchen नाम के चैनल पर शेयर की गई है. ये रेसिपी भंडारे में मिलने वाली उसी देसी और चटपटी अन्नकूट सब्जी का स्वाद घर पर तैयार करने का आसान तरीका बताती है. बिना प्याज-लहसुन के बनने वाली ये सब्जी इतनी स्वादिष्ट होती है कि इसे पूरी, कचौड़ी, रोटी या यहां तक कि पाव के साथ भी मजे से खाया जा सकता है. यहां जानते हैं रेसिपी-
वीडियो में देखें रेसिपी...
अन्नकूट की सब्जी कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
आलू - 4
बैंगन - 1 बड़ा
शिमला मिर्च - 1
टमाटर - 3
छोटी गाजर - 2
फूलगोभी का एक टुकड़ा
मूली - 1
कद्दू का टुकड़ा
लौकी का टुकड़ा
मोटी हरी मिर्च - 2
मेथी, पालक और मूली के पत्ते
चम्मच जीरा - 1
तेजपत्ता - 1
अदरक - 2-3 इंच
धनिया पाउडर - 1 से 1½ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - ½ चम्मच
गरम मसाला - 1 चम्मच
अमचूर पाउडर - 1 चम्मच
कसूरी मेथी - 1 चम्मच
सरसों का तेल - 2-3 बड़े चम्मच
घी - 1 बड़ा चम्मच
हींग, हल्दी और नमक स्वादानुसार
सब्जी बनाने की विधि
सभी सब्जियों और हरी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर बड़े टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें कुकर में डालें और हल्दी, नमक तथा लगभग एक कप पानी मिलाएं. दो सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद सब्जियों को हल्का मैश कर लें. ध्यान रखें कि सब्जियां पूरी तरह पेस्ट न बनें, कुछ टुकड़े दिखाई देने चाहिए.
अब लोहे की कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, तेजपत्ता, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर भूनें. अब कटे हुए टमाटर डालें और नमक, धनिया पाउडर, हल्दी व लाल मिर्च मिलाकर अच्छे से पकाएं. टमाटर पूरी तरह गल जाएं तो एक-दो चुटकी हींग डाल दें. यही मसाला इस सब्जी का असली स्वाद बढ़ाता है.
अब उबली हुई सब्जियां मसाले में मिलाएं. इसके बाद गरम मसाला, अमचूर पाउडर और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. सब्जी को 15 से 20 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. अंत में एक बड़ा चम्मच घी और ढेर सारा हरा धनिया डालकर मिला दें.
गर्मागर्म पूड़ियों के साथ सर्व करें अन्रकूट की सब्जी
अन्नकूट की सब्जी पारंपरिक रूप से गरमा-गरम पूड़ियों के साथ परोसी जाती है. हालांकि, इसे रोटी, फुल्का, चावल या पाव के साथ भी खाया जा सकता है. कई घरों में इसे पाव-भाजी की तरह भी सर्व किया जाता है.
ये भी पढ़ें - 1 रोटी की जगह खा जाएंगे 4 रोटियां, बस एक बार बनाकर खा लें मूली की चटपटी चटनी, बार-बार बनाने का करेगा मन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं