लगातार हो रही बारिश किचन के लिए सबसे बड़ी दिक्कत बन रही है. नमी के चलते दाल, चावल और आटे में कीड़े, घुन या इल्लियां लगना आम बात है. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही पूरे महीने की राशन को बर्बाद कर सकती है. अगर आप भी इस मानसून अपने महंगे राशन को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान से घरेलू तरीके अपनाकर इन्हें लंबे समय तक एकदम फ्रेश रख सकते हैं.
दालों को कीड़ों से कैसे बचाएं-
दालों में अक्सर जाले और छोटे-छोटे काले कीड़े पड़ जाते हैं. इनसे बचाने के लिए सबसे बढ़िया तरीका है-
- सरसों का तेल- एक किलो दाल में लगभग एक चम्मच सरसों का तेल डालकर हाथों से अच्छी तरह मिला लें. तेल की परत दाल पर एक सुरक्षा कवच बना देती है जिससे हवा और नमी अंदर नहीं जाती और कीड़े पास नहीं आते.
- तेज-पत्ता- आप दाल के डिब्बे में तेजपत्ता (Bay leaves) या सूखी लाल मिर्च डालकर रख सकते हैं. इनकी तेज महक से कीड़े दूर भागते हैं.
- प्रो टिप- अगर धूप निकले, तो बीच-बीच में दाल को हल्की धूप दिखाना भी बहुत जरूरी है.
चावल को लंबे समय तक फ्रेश रखने का तरीका-
चावल में नमी के कारण बहुत जल्दी घुन लग जाते हैं. चावल को सुरक्षित रखने के लिए नीम के सूखे पत्ते बेहद कारगर हैं.
- नीम की पत्तियां- डिब्बे की तली में और चावल के बीच-बीच में नीम की सूखी पत्तियां या माचिस की डिब्बी रख दें. माचिस के सल्फर की गंध से कीड़े दूर रहते हैं.
- लहसुन- आप चाहें तो चावल के डिब्बे में लहसुन की कुछ कलियां छीलकर भी डाल सकते हैं. लहसुन की खुशबू से चावल महकेंगे नहीं, लेकिन कीड़े जरूर दूर रहेंगे.
- टिप- चावल को हमेशा एयर टाइट डिब्बे में ही रखें ताकि बाहर की हवा और नमी उसके संपर्क में न आ सके.

आटे को घुन और इल्ली से कैसे बचाएं-
बरसात के दिनों में आटे में गांठें पड़ जाती हैं और उसमें कीड़े या जाले पड़ने लगते हैं.
- जायफल- आटे को बचाने का सबसे अचूक नुस्खा है जायफल (Nutmeg). दो-तीन साबुत जायफल को कपड़े में बांधकर आटे के डिब्बे के बीच में रख दें. इसकी खुशबू से आटा महीनों तक खराब नहीं होता.
- लौंग- लौंग और साबुत काली मिर्च भी आटे के रक्षक का काम करती हैं. आटे में 10-15 लौंग और काली मिर्च डालकर डिब्बे को कसकर बंद कर दें.
किचन स्टोरेज के लिए जरूरी टिप्स-
- अनाज को बचाने के लिए सिर्फ नुस्खे ही नहीं, बल्कि कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है.
- हमेशा कांच, स्टील या अच्छी क्वालिटी के एयर-टाइट प्लास्टिक के डिब्बों का ही इस्तेमाल करें.
- डिब्बों को गीले हाथों से न छुएं और न ही गीले चम्मच का इस्तेमाल करें. डिब्बे में जरा सी भी नमी की बूंद कीड़ों को दावत दे सकती है.
- नया राशन लाने पर उसे पुराने राशन के साथ एकदम से न मिलाएं. पहले पुराना डिब्बा खाली करके साफ करें, धूप दिखाएं और फिर नया सामान भरें.
ये भी पढ़ें- बिना चावल और फर्मेंटेशन के बनाएं 20 ग्राम प्रोटीन वाला उत्तपम, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का मन करेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं