Crispy Laccha Samosa: समोसा भारत के सबसे पसंदीदा स्नैक्स में से एक है. चाहे बारिश का मौसम हो, शाम की चाय का समय हो या फिर घर में मेहमान आए हों, समोसा लगभग हर मौके पर पसंद किया जाता है. आमतौर पर समोसा मैदे की परत से तैयार किया जाता है, लेकिन अगर आप कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो क्रिस्पी लच्छा समोसा (Crispy Laccha Samosa) एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें मैदे की शीट का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसकी जगह सेवइयों की कुरकुरी परत तैयार की जाती है, जो समोसे को एक अलग टेक्सचर और स्वाद देती है. बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार आलू की स्टफिंग वाला यह समोसा बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है.
समोसा बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Crispy Laccha Samosa)
स्टफिंग के लिए,
- 2 मध्यम आकार के उबले और मैश किए हुए आलू
- ½ कप हरे मटर (वैकल्पिक)
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 1 बड़ा चम्मच कटे हुए काजू
- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ¼ छोटा चम्मच हल्दी
- 2 छोटे चम्मच हरा धनिया
- नमक स्वादानुसार
- समोसा मसाला
- ½ छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच धनिया के बीज
- 1 छोटा चम्मच काली मिर्च
- 3 से 4 हरी मिर्च
कोटिंग के लिए,
- 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
- 2 छोटे चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- ½ छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- 4 बड़े चम्मच पानी
- बाहरी परत के लिए
- 150 ग्राम पतली भुनी हुई सेवइयां
- गर्म पानी
वीडियो देखें-
समोसा बनाने का तरीका-
- सबसे पहले जीरा, सौंफ, धनिया के बीज, काली मिर्च और हरी मिर्च को हल्का सूखा भून लें. ठंडा होने के बाद इन्हें दरदरा पीसकर मसाला तैयार कर लें.
- अब एक पैन में तेल गर्म करें. इसमें तैयार मसाला, अदरक और काजू डालकर लगभग एक मिनट तक भूनें. इसके बाद हरे मटर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब मैश किए हुए आलू और हरा धनिया डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं. मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर छोटे ट्राएंगल (Triangle) आकार में तैयार कर लें.
- सेवइयों को गर्म पानी में 1 से 2 मिनट तक भिगोकर हल्का नरम कर लें और अतिरिक्त पानी निकाल दें. दूसरी तरफ कॉर्नफ्लोर, हरा धनिया, चिली फ्लेक्स और पानी मिलाकर एक स्मूद स्लरी बना लें.
- अब आलू के ट्राएंगल को पहले स्लरी में डुबोएं और फिर चारों तरफ से नरम सेवइयों से अच्छी तरह कवर कर दें. तैयार समोसों को बेकिंग ट्रे पर रखें और ऊपर से हल्का तेल स्प्रे करें. इन्हें 180 डिग्री सेल्सियस पर 15 से 20 मिनट तक बेक करें, जब तक ये सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं. चाहें तो इन्हें डीप फ्राई भी कर सकते हैं.
गरमागरम लच्छा समोसे को पुदीने की चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें. इसका अनोखा कुरकुरा स्वाद हर किसी को पसंद आ सकता है.
यह भी पढ़े: शेफ कुनाल कपूर के स्टाइल में बनाएं अमृतसरी पनीर भुर्जी, हर निवाले में मिलेगा ढाबे वाला मजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं